कौशांबी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म, वीडियो बनाकर लगातार करता रहा ब्लैकमेल
News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशांबी: जिले के करारी थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ उसके ही रिश्तेदार ने विश्वासघात की सारी हदें पार कर दीं। पीड़िता के आरोप के अनुसार, अंधावां गांव निवासी आरोपी संदीप कुमार करीब दो वर्ष पूर्व उसके घर आया था। इसी दौरान उसने चाय-नाश्ते में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को अचेत कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जिसे आधार बनाकर वह लगातार महिला को ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा और जबरन संबंध बनाता रहा। घटना का सिलसिला यहीं नहीं थमा, बल्कि 23 अप्रैल 2026 को आरोपी एक बार फिर महिला के घर पहुंचा और धमकी देकर दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने महिला से 10 हजार रुपये की मांग भी की।
महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसके बच्चों को भी नहीं बख्शा। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल पुलिस से शिकायत की गई है और कार्रवाई की मांग की जा रही है।