News By- नितिन केसरवानी
मेजा के कुकुरकटवा गांव में हुई वारदात से दहला इलाका, एसओजी समेत कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
प्रयागराज: जनपद के मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुरकटवा गांव में उस समय दहल उठा जब एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या का मामला सामने आया। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी तथा कल्लू की भाभी की नृशंस हत्या कर दी। एक साथ तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीणों को घर के भीतर तीन लोगों के खून से लथपथ शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में चीख-पुकार गूंज उठी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मेजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।
कई एंगल पर जांच, प्रेम प्रसंग की भी चर्चा
पुलिस सूत्रों के अनुसार तिहरे हत्याकांड की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। मृतक के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं ग्रामीणों और परिजनों के बीच दबी जुबान से प्रेम प्रसंग का मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और सभी संभावित बिंदुओं की जांच कर रही है।
एसओजी समेत कई टीमें गठित, ताबड़तोड़ दबिश
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन ने एसओजी सहित कई विशेष टीमों का गठन किया है। संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से पूरे कुकुरकटवा गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना ने क्षेत्र की शांति को झकझोर दिया है। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना अत्यंत गंभीर है और जांच पूरी संवेदनशीलता के साथ की जा रही है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।