Breaking News in Primes

ऑपरेशन सवेरा का कौशाम्बी में बड़ा प्रहार 16.758 किलो गांजा के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार

0 3

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

छह थानों की पुलिस ने एक साथ चलाया सघन चेकिंग अभियान मादक पदार्थों के कारोबारियों में मचा हड़कंप

कौशाम्बी: जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कौशाम्बी पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत जोरदार कार्रवाई की है। पुलिस की छह थानों की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाकर गांजा तस्करी के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 16 किलो 758 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे का कारोबार करने वालों में खलबली मच गई है।
पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। मंझनपुर, सराय अकिल, चरवा, पिपरी, संदीपनघाट और कोखराज थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर चेकिंग की। इस दौरान नौ संदिग्धों को गांजे के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोखराज में सबसे अधिक 7 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

पुलिस की कार्रवाई में थाना कोखराज क्षेत्र से दो आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 77 ग्राम गांजा मिला। सराय अकिल में दो आरोपियों से चार किलो, पिपरी में दो आरोपियों से 2 किलो 20 ग्राम, चरवा में एक आरोपी से 1 किलो 300 ग्राम, मंझनपुर में एक आरोपी से 1 किलो 296 ग्राम तथा संदीपनघाट में एक आरोपी से 1 किलो 65 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

इन नौ आरोपियों पर कसा शिकंजा

गिरफ्तार आरोपियों में सूरज मौर्या निवासी पाल चौराहा मंझनपुर, सुनील पाल उर्फ सिपाही लाल पाल और विजय मौर्य निवासी हसीमपुर किनार सराय अकिल, अनुपम कुमार मिश्रा निवासी कादीपुर मंझनपुर, अनुराग त्रिपाठी निवासी बिदनपुर ककोढ़ा कोखराज, राहुल कुमार पाण्डेय उर्फ रोहित निवासी ओसा मंझनपुर, देवेश त्रिपाठी निवासी जाठी, शिवम केशरवानी निवासी इचौली कोखराज तथा नितेश कुमार निवासी मंसूर नगर मंझनपुर शामिल हैं।

छह थानों में दर्ज हुए मुकदमे

पुलिस ने मंझनपुर थाने में मुकदमा संख्या 487/26, सराय अकिल में 344/26, चरवा में 302/26, पिपरी में 274/26, संदीपनघाट में 295/26 और कोखराज में 581/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की है। कोखराज के मामले में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट लगाई गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग त्रिपाठी और शिवम केशरवानी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छह थानों की पुलिस टीम रही शामिल

इस बड़ी कार्रवाई में थाना मंझनपुर, सराय अकिल, चरवा, पिपरी, संदीपनघाट और कोखराज की पुलिस टीमें शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!