Breaking News in Primes

माननीय मुख्यमंत्री जी प्रयागराज में नॉर्थ टेक सिम्पोजियम-2026 के समापन कार्यक्रम में हुए सम्मिलित

0 34

News By-नितिन केसरवानी

नेशन फर्स्ट’ हर नागरिक के लिए भी मार्गदर्शक सिद्धांत, क्योंकि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं-माननीय मुख्यमंत्री

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा, युद्ध अब साइबर व स्पेस तक विस्तारित, डेटा, सिग्नल्स व नेटवर्क बने नए हथियार, टेक्नोलॉजी की बढी भूमिका

यूपी डिफेंस कॉरिडोर में किया जा रहा तोप के गोलों, स्वदेशी ड्रोन, बुलेटप्रूफ जैकेट और उन्नत संचार प्रणालियों का निर्माण

प्रयागराज:

माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी बुधवार को न्यू कैण्ट, प्रयागराज में आयोजित ‘‘नार्थ टेक सिम्पोजियम-2026’’ के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी एवं मा0 रक्षामंत्री जी के विजन को आज हम सब यहां पर नॉर्थ टेक सिम्पोजियम के माध्यम से रक्षा त्रिवेणी संगम के रूप में इस त्रिवेणी के पावन धरा पर साकार होते हुए देख रहे हैं। उन्होंने प्रयागराज की इस पावन धरा पर स्थित त्रिवेणी संगम, वेणी माधव, अक्षय वट, सोमेश्वर महादेव, महर्षि भारद्वाज, नागवासुकी को नमन करते हुए इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए आर्मी के सेंट्रल कमाण्ड और नार्थ कमाण्ड को बधाई देते हुए प्रदेश सरकार की ओर से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की पावन धरा प्राचाीन काल से ही ज्ञान, आध्यात्मिक विरासत और न्याय की पावन त्रिवेणी के रूप में विख्यात रही है। आज ‘‘नार्थ टेक सिम्पोजियम’’ के माध्यम से हम सब नॉलेज एंड इनोवेशन के संगम के रूप में भी प्रस्तुत कर रहे हैं।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब लड़ाई सीमाओं से बढ़कर साइबर, स्पेस, डेटा नेटवर्क और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम तक फैल चुकी है। पारंपरिक युद्ध कौशल के साथ-साथ अब तकनीकी दक्षता, रणनीतिक सोच और मानसिक दृढ़ता भी अनिवार्य हो गई है। आज के युद्ध में कीबोर्ड, सेटेलाइट और डेटा उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितने पारंपरिक हथियार। दुश्मन के संचार नेटवर्क को बाधित करना तथा अपने सिस्टम को सुरक्षित रखना नई युद्ध रणनीति का आधार बन रहा है। ऐसे परिदृश्य में वही राष्ट्र आगे रहेगा, जो साहस और तकनीक के बीच संतुलन स्थापित कर सके। “नेशन फस्र्ट” केवल एक नारा नहीं, बल्कि हर भारतीय सैनिक के जीवन का संकल्प है। यह हर नागरिक के लिए भी मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए, क्योंकि राष्ट्र सर्वोपरि है और उससे बढ़कर कुछ भी नहीं।

आधुनिक युद्ध में कीबोर्ड भी एक प्रभावी हथियार

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सियाचिन की जमा देने वाली ठंड हो, रेगिस्तान की तपती रेत, घने जंगलों का अंधकार या समुद्र व आकाश की अनंत चुनौतियां, हमारे सैनिक हर परिस्थिति में तत्पर रहते हैं। उनकी सतर्क निगाहों के कारण ही पूरा देश सुरक्षित और निश्चित रह पाता है। आधुनिक युद्ध अब केवल जल, थल और नभ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस के युग में प्रवेश कर चुका है। युद्ध में साइबर, स्पेस और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम जैसे क्षेत्र भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं। कीबोर्ड भी एक प्रभावी हथियार बन चुका है। दुश्मन के पावर ग्रिड, राडार, जीपीएस, बैंकिंग और कम्युनिकेशन सिस्टम को बाधित करना या अपने नेटवर्क को सुरक्षित व अभेद्य बनाना, नई सुरक्षा रणनीति का हिस्सा है। सेटेलाइट्स के माध्यम से निगरानी, खुफिया जानकारी और नेविगेशन अब युद्ध की ‘आंख’ और ‘दिमाग’ बन चुके हैं। अब लड़ाई सिग्नल्स और डेटा के माध्यम से भी लड़ी जा रही है।

डिफेंस सेक्टर में यूपी ने की उल्लेखनीय प्रगति

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर युद्ध जैसी स्थितियों ने यह स्पष्ट किया है कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता कितनी आवश्यक है। कुछ वर्ष पहले भारत का रक्षा निर्यात लगभग 600 करोड़ रुपये ही था, लेकिन निरंतर प्रयासों से आज हमारी सामथ्र्य 38 हजार से 50 हजार करोड़ रुपये तक के रक्षा उत्पाद निर्यात करने की है। भारत अब मित्र देशों को रक्षा उत्पाद उपलब्ध करा रहा है। उत्तर प्रदेश ने भी इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह प्रमुख नोड्स लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और चित्रकूट पर तेजी से कार्य हो रहा है। इन नोड्स में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर रहे हैं। सरकार ने डिफेंस एवं एयरोस्पेस पॉलिसी के तहत बड़े लैंड बैंक का निर्माण किया है और निवेशकों को आकर्षक प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अलीगढ़ छोटे हथियारों और रक्षा उपकरणों के निर्माण का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है, जबकि कानपुर गोला-बारूद, मिसाइल, डिफेंस टेक्सटाइल और प्रोटेक्टिव गियर के उत्पादन का महत्वपूर्ण हब बन रहा है। लखनऊ और झांसी नोड्स में ब्रह्मोस मिसाइल और हैवी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे देश की सैन्य क्षमता और मजबूत हो रही है। चित्रकूट और आगरा नोड्स में एयरोस्पेस और प्रिसिजन इंजीनियरिंग के क्षेत्र में विकास जारी है, ताकि स्पेस डोमेन सहित रक्षा के सभी आयामों में देश की क्षमता को सुदृढ़ किया जा सके।

यूपी डिफेंस कॉरिडोर सैनिकों की क्षमता और सुरक्षा में मददगार

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूपी डिफेंस कॉरिडोर के तहत तोप के गोले, स्वदेशी ड्रोन, बुलेटप्रूफ जैकेट और उन्नत संचार प्रणालियों का निर्माण किया जा रहा है। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उत्तर प्रदेश में उपलब्ध हैं। प्रदेश के पास 56 प्रतिशत युवा एवं स्किल्ड वर्कफोर्स और 96 लाख एमएसएमई इकाइयों का मजबूत आधार है, जो विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है। सभी 6 स्ट्रेटेजिक नोड्स पर पर्याप्त लैंड बैंक भी उपलब्ध है। राज्य सरकार स्किल, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के माध्यम से मार्केट-रेडी और इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में आईआईटी कानपुर के साथ ड्रोन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किया गया है, जबकि स्टेट फॉरेंसिक संस्थान के माध्यम से भी विभिन्न क्षेत्रों में नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं। सभी स्ट्रेटेजिक नोड्स में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है।

ज्ञान जहां से भी आए, उसे स्वीकारना हमारी परंपरा

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस सिम्पोजियम के माध्यम से रक्षा क्षेत्र में माननीय प्रधानमंत्री जी के विजन को साकार होते देखना गर्व का विषय है। यह सिम्पोजियम ज्ञान, अनुभव और नवाचार के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है। उन्होंने भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र “आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः” का उल्लेख करते हुए कहा कि ज्ञान जहां से भी आए, उसे स्वीकार करना हमारी परंपरा रही है और यह सिम्पोजियम उसी भावना को आगे बढ़ा रहा है।

हाईटेक क्षेत्रों में स्थापित हुए स्टार्टअप

माननीय मुख्यमंत्री जी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 21,000 से अधिक स्टार्टअप्स स्थापित हुए हैं, जो एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग जैसे हाईटेक क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। सेफ्टी, टेक्नोलॉजी और ट्रस्ट के समन्वय से प्रदेश ने बीमारू छवि को पीछे छोड़ते हुए देश के ग्रोथ इंजन के रूप में पहचान बनाई है। अपराध और अव्यवस्था के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति हमारा संकल्प रहा है। माफिया से कानून के राज और उपद्रव से उत्सव तक की यात्रा तय करते हुए यूपी इस मुकाम तक पहुंचा है।

हमारी उदारता को कोई कमजोरी न समझे

माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति ने सदैव “वसुधैव कुटुम्बकम” के सिद्धांत को आत्मसात किया है। उदारता हमारे संस्कार का हिस्सा है, लेकिन इसकी रक्षा के लिए शक्ति व सामर्थ्य का होना अनिवार्य है। उन्होंने इस संदर्भ में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षमा व शांति की भाषा वही प्रभावी ढंग से बोल सकता है, जिसके पास पर्याप्त शक्ति हो। भारत अपनी सामरिक और आंतरिक शक्ति इसलिए नहीं बढ़ा रहा कि किसी पर आक्रमण करे, बल्कि इसलिए कि उसकी उदारता को कोई कमजोरी न समझे।

माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में हमारी सरकार आने के पहले प्रदेश अराजकता, अव्यवस्था और पहचान के संकट से जूझ रहा था। तब हमने ‘रूल ऑफ लॉ’ को स्थापित करने का संकल्प लिया और अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पूरी सख्ती के साथ लागू की। इसी सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ने प्रदेश में विश्वसनीय और निवेश अनुकूल इकोसिस्टम तैयार किया, जिसने उद्योग व रोजगार के नए अवसरों को गति दी। डिफेंस कॉरिडोर भी इसका एक हिस्सा है। आज प्रदेश के पास एक्सप्रेसवे, हाईवे, आधुनिक रेलवे कनेक्टिविटी, मेट्रो नेटवर्क व एयर कनेक्टिविटी के रूप में देश का विशालतम इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क है।

मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ़ (GOC-in-C), लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने अपने संबोधन में उद्योग, शिक्षा जगत और सशस्त्र बलों के बीच सहयोग के ‘ट्रिपल हेलिक्स मॉडल’ की सराहना की। लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने यह उम्मीद भी जताई कि उत्तर प्रदेश डिफ़ेंस कॉरिडोर एक ‘नॉलेज कॉरिडोर’ (ज्ञान गलियारा) बन जाएगा और नए रक्षा उपकरणों के विकास का एक केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय कमान ने पिछले वर्ष 28 अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं शुरू कीं, जिनके परिणामस्वरूप राज्य में 600 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए, सेना कमांडर ने कहा कि यूपीडीआईसी इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सेना कमांडर ने कहा कि रक्षा त्रिवेणी संगम नागरिक सरकार और सशस्त्र बलों के बीच घनिष्ठ साझेदारी का प्रमाण है, और उन्होंने नॉर्थ टेक संगोष्ठी को सफल बनाने में सभी हितधारकों की भूमिका के लिए धन्यवाद दिया।

लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ़ (GOC-in-C), उत्तरी कमान ने देश में रक्षा विनिर्माण, उद्योगों और एक्सप्रेसवे के विकास में उत्तर प्रदेश की भूमिका की सराहना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अत्याधुनिक रक्षा क्षमताओं का विकास निजी उद्योग और सरकारी संस्थानों के साथ-साथ सशस्त्र बलों की साझेदारी के माध्यम से ही संभव है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, माननीय विधायकगण, लेफ्टिनेंट जनरल श्री वी. हरिहरन, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण, एसआईडीएम के वाइस प्रेसिडेंट श्री नीरज गुप्ता, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर श्री ए.के. घोष, मण्डलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा के साथ ही सेना व प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारीगण और स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!