Breaking News in Primes

“किरंदुल के वार्ड 15-17 में बिजली संकट, बच्चों-बुजुर्गों और मरीजों की बढ़ी परेशानी”

0 95

“किरंदुल के वार्ड 15-17 में बिजली संकट, बच्चों-बुजुर्गों और मरीजों की बढ़ी परेशानी”
किरंदुल: नगर पालिका परिषद किरंदुल के वार्ड क्रमांक 15 और 17 में इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भीषण गर्मी के इस दौर में, जहां बिना पंखे, कूलर और बिजली के रहना मुश्किल हो गया है, वहीं इन वार्डों के निवासी आए दिन रातभर बिना बिजली के गुजारने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की सी बारिश या मौसम में मामूली बदलाव होते ही दोनों वार्डों में बिजली गुल हो जाती है। कई बार तो पूरी रात बिजली नहीं आती, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। इसके अलावा लो वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है, जिससे घरों में लगे विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं।


इन वार्डों में छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति भी बड़ी संख्या में निवास करते हैं। ऐसे में रातभर बिजली न होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के कारण लोग रात में अपने घरों से बाहर निकलकर खुले में समय बिताने को मजबूर हो रहे हैं।
रहवासियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को फोन के माध्यम से शिकायत की गई, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा फोन उठाना भी उचित नहीं समझा गया। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस संबंध में चर्चा करते हुए भूतपूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल राजिमोल ने भी इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण पूरे क्षेत्र के लोग परेशान हैं। उन्होंने बताया कि कई घरों में विवाह समारोह चल रहे हैं, वहीं कई घरों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं। ऐसी स्थिति में रातभर बिजली न रहना लोगों के लिए अत्यंत कष्टदायक हो गया है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सभी वार्डवासी एकजुट होकर बिजली विभाग पहुंचेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।


वहीं, जब इस संबंध में जानकारी लेने के लिए संवाददाता द्वारा संबंधित अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक वार्ड 15 और 17 के लोग इस भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझते रहेंगे और कब तक जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता से ध्यान देगा।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!