कौशाम्बी की बेटी आमना अली चंदेल ने लखनऊ में ‘ऋतु चक्र’ अभियान का नेतृत्व कर माहवारी स्वच्छता का संदेश दिया
News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: विकास खंड नेवादा के ग्राम पुरखास की प्रतिभाशाली बेटी एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ता आमना अली चंदेल ने लखनऊ में आयोजित “ऋतु चक्र” अभियान का नेतृत्व कर महिला स्वास्थ्य एवं माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
द हाउस ऑफ कोसम ट्रस्ट द्वारा अपनी प्रमुख पहल “ऋतु चक्र” के अंतर्गत मात्र छाया (उम्मीद एनजीओ), लखनऊ में माहवारी स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की महिलाओं के बीच माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पीरियड पॉवर्टी को समाप्त करना तथा मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों एवं वर्जनाओं को दूर करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 18 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता आमना अली चंदेल ने कहा कि “माहवारी स्वच्छता कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक महिला का मूलभूत अधिकार है।

जागरूकता और सुलभ स्वच्छता संसाधनों के अभाव में किसी भी महिला को कठिनाइयों का सामना नहीं करना चाहिए।”महिलाओं को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की गई तथा संवादात्मक चर्चा के माध्यम से मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया। साथ ही सैनिटरी नैपकिन एवं जागरूकता सामग्री युक्त हाइजीन किट का वितरण किया गया। ट्रस्ट द्वारा मात्र छाया आश्रय गृह की लगभग 200 महिलाओं को भविष्य में भी स्वच्छता उत्पाद उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। ऋतु चक्र अभियान के माध्यम से द हाउस ऑफ कोसम ट्रस्ट उत्तर प्रदेश की महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से फ़ातिमा अली, फ़ैसल अली, विनीता सोम, मनप्रीत, सुखवंत,अक्षत,अराब,दायान एवं हरतेज सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।