Breaking News in Primes

कपास की फसल के बीच उगा रखा था गांजे का बगीचा, धामनोद पुलिस ने 40 पौधे किए जप्त

0 25

लोकेशन धामनोद

 

कपास की फसल के बीच उगा रखा था गांजे का बगीचा, धामनोद पुलिस ने 40 पौधे किए जप्त

 

77 किलो 61 ग्राम गांजा बरामद, कीमत करीब 16 लाख रुपए, आरोपी की तलाश जारी

 

धामनोद। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत धामनोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कपास की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 40 पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 77 किलो 61 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपए है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी धामनोद अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धामनोद के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कछवानिया के कहारपुरा निवासी लक्ष्मण पिता मूलचंद उर्फ मुल्या ने अपने कपास के खेत में गांजे के पौधे उगा रखे हैं।

सूचना पर 5 नवंबर 2026 को धामनोद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। खेत में कपास की फसल के बीच छोटे-बड़े कुल 40 गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को उखड़वाकर उनका वजन कराया, जो कुल 77 किलो 61 ग्राम निकला। जब्त पौधों की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण पिता मूलचंद उर्फ मुल्या निवासी कहारपुरा, ग्राम कछवानिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 568/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धामनोद निरीक्षक संतोषसिंह यादव, उपनिरीक्षक जयकिशन रायकर, एएसआई सावन मुलेल, प्रधान आरक्षक जुवानसिंह हरवाल, आरक्षक सज्जनसिंह डिंडोरे, आर. रविन्द्र सोलंकी, आर. आकाश रोकड़े, आरक्षक चालक श्यामलाल यादव एवं आर. वकील चौहान की सराहनीय भूमिका रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!