News By-नितिन केसरवानी
प्रयागराज: प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने देश की एकता को एक सूत्र में पिरोने पर बल देते हुए भारत को मजबूत बनाने वाले महान शख्सियतों को याद किया। उन्होंने धार्मिक नगरी के महत्व को साधते हुए कहा कि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और सनातन धर्म की आत्मा राम हैं। मुख्यमंत्री योगी सोमवार को यमुना तट पर नवनिर्मित प्रेरणा पार्क के उद्धाटन तथा जनसंघ के संस्थापक डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंहल की प्रतिमा का अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने भारत की एकता-अखंडता पर जोर देते हुए कहा, आज का दिन हम सबके लिए महत्वपूर्ण, आज भारत की राजनीति के महान विभूति के 125 वर्ष पूरे हुए है, जिनका जीवन भारत की एकता अखंडता को समर्पित था। एक देश में दो प्रधान दो निशान नहीं चलेगा, यह कहकर अपने जीवन का बलिदान देने वाले श्यामा प्रसाद देश भर के लिए प्रेरणा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम ने एक साथ तीन महान विभूतियों के प्रतिमाओं का निर्माण कर बड़ा काम किया है। श्यामा प्रसाद अखंड भारत के स्वप्नदृष्टा थे। जब पूरे बंगाल को पाकिस्तान को देने की बात उठी तो डा.मुखर्जी ने इस खिलाफ शंखनाद किया था और कहा कि पूरे बंगाल को पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनने देंगे। उनके प्रयास के चलते आज उस बंगाल में बीजेपी का कमल खिल रहा है। समृद्धि, सुशासन और सुरक्षा का कमल खिल रहा है। श्यामा प्रसाद ने देश की अखंडता के लिए बलिदान दिया था। उन्होंने किन परिस्थितियों में काम किया था, जब पंडित जवाहरलाल नेहरू उस कैबिनेट में प्रधानमंत्री बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी उस कैबिनेट में मंत्री बने थे। देश के हित उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दिया और भारतीय जन संघ की स्थापना की। आज कश्मीर में धारा 370 समाप्त हुई। गृह मंत्री अमित शाह के प्रयास से कश्मीर को भारत में उसी तरह मिलाया जैसे अन्य राज्य हैं। डा. मुखर्जी के सपनों को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो पाया है। भारत की राजनीति में अटल बिहारी वाजपेयी ने छह दशकों तक काम किया लेकिन उनके सार्वजनिक जीवन पर कोई दाग नहीं लगा। अशोक सिंहल का जीवन राष्ट्र को समर्पित था। राम जन्मभूमि देश का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आंदोलन था। देश के सभी संतों को एक मंच पर लाने का काम अशोक सिंघल ने किया।