Breaking News in Primes

काकड़ा नदी में मिले शव के अंधे कत्ल का पर्दाफाश, कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0 14

 

लोकेशन धामनोद

काकड़ा नदी में मिले शव के अंधे कत्ल का पर्दाफाश, कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

धामनोद पुलिस की बड़ी सफलता: पुरानी रंजिश के चलते की गई थी हत्या, घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त
धामनोद। धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत काकड़ा नदी में मिले शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने कुल्हाड़ी से वार कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।
नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला था शव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को धामनोद थाना क्षेत्र के खेडीपुरा स्टाप डेम के पास काकड़ा नदी में पत्थरों के बीच एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए।


मृतक की पहचान बंशीलाल पिता नाथू चौहान, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम खेडीपुरा, थाना धामनोद के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धामनोद भेजा गया।
पुरानी रंजिश में की हत्या
फरियादी प्रकाश चौहान की रिपोर्ट पर धामनोद थाने में अपराध क्रमांक 492/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की। गहन जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते बंशीलाल चौहान की कुल्हाड़ी से हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक एवं वैज्ञानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
केशरसिंह पिता छोगालाल चौहान, उम्र 45 वर्ष, निवासी खेडीपुरा, थाना धामनोद।
देवीलाल पिता हरेसिंह चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी खेडीपुरा, थाना धामनोद।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव, उपनिरीक्षक विजय बारकले, सउनि सुरेंद्रसिंह राजावत, सउनि जवानसिंह हरवाल, आरक्षक रविंद्र सोलंकी, आरक्षक मोनिराम देवड़ा, महिला आरक्षक सपना जमरे सहित धामनोद थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
धामनोद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात का खुलासा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!