Breaking News in Primes

धौहनी विधानसभा क्षेत्र में 26.28 करोड़ रूपये से अधिक की लागत से बनेंगी 25 ग्रामीण सड़कें,सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने किया भूमि पूजन।*

0 1

*धौहनी विधानसभा क्षेत्र में 26.28 करोड़ रूपये से अधिक की लागत से बनेंगी 25 ग्रामीण सड़कें,सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने किया भूमि पूजन।*

 

*अरविंद सिंह परिहार सीधी*

 

धौहनी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने और दूरस्थ ग्रामों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-प्ट एवं प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान(पीएम-जनमन) के अंतर्गत लगभग 26.28 करोड़ रुपए लागत की स्वीकृत 25 ग्रामीण सड़क मार्गों के निर्माण कार्यों का ग्राम अमझर, ताला, पांड़ एवं नौढ़िया में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा तथा विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम द्वारा भूमि पूजन किया गया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों एवं विशेष रूप से जनजातीय बस्तियों को बारहमासी आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और प्रत्येक गांव को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम-जनमन जैसी योजनाओं के माध्यम से उन दूरस्थ एवं जनजातीय बस्तियों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जो लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क की प्रतीक्षा कर रही थीं। सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और व्यापार के नए अवसरों का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को वर्षभर आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय जाने और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में सड़क सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इन 25 सड़कों के निर्माण से अनेक गांवों और टोला-मजरों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार संबंधी गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों का यह सिलसिला जारी रहेगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मझौली एडवोकेट प्रवीण तिवारी,खडौरा रामसजीवन कचेर, वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मझौली लवकेश सिंह गहरवार, उपाध्यक्ष उदयभान यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रामनरेश सोनी,एडवोकेट संतोष शुक्ला, अमित तिवारी, एल्डरमैन नगर परिषद मझौली, अजय सिंह छोटू, राघवेंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य ताला सुमन कोल सहित विभिन्न ग्रामों के स्थानीय जनप्रतिनिधि, खंड स्तर के अधिकारी कर्मचारी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के जीएम गणेश प्रसाद मिश्रा, तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

*इन ग्रामों में सड़कों का होगा विस्तार*

 

ग्राम अमझर में कुल 884.49 लाख रुपये की लागत से तीन पैकेजों के अंतर्गत चार सड़क मार्गों का भूमि पूजन किया गया। इनमें 287.53 लाख रुपये की लागत से कुसमी-मेडरा-गांजर रोड से ताला बैगा बस्ती तक, 96.67 लाख रुपये की लागत से सीधी-ब्योहारी मुख्य मार्ग से छुही बैगा बस्ती तक तथा 500.29 लाख रुपये की लागत से अमझर स्कूल से घबाखोह पूर्वी टोला और तिलवारी-गंजरी-सेंधवा रोड से भेलकी टोला (रुपईडोल) तक सड़क निर्माण किया जाएगा।

ग्राम ताला में 659.93 लाख रुपये की लागत से पांच सड़क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इनमें पौदारी टोला, उत्तर टोला एवं बंधा टोला (ताला) के साथ सेरूहाई टोला और सेमरिया टोला (खंतरा) तक के सड़क मार्ग शामिल हैं।

ग्राम पांड़ में 294.40 लाख रुपये की लागत से तीन सड़क मार्ग बनाए जाएंगे। इनमें सीधी-ब्योहारी रोड से तिलहन टोला, सीधी-ब्योहारी मुख्य मार्ग से छिनडीहा टोला तथा सीधी-ब्योहारी-पांड़ रोड से टिकुरी टोला तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।ग्राम नौढ़िया में 789.66 लाख रुपये की लागत से चार सड़क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। इनमें शिकारगंज-चुनगुना रोड से सिगटा टोला चफोदी, मगरोहर-चमराडोल रोड से भुरसीडोल, चुनगुना रोड से दूबिडोल तथा शिकारगंज-चुनगुना रोड से सुआ बसेरा तक सड़कें बनाई जाएंगी।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!