News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा; घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी
कौशाम्बी: महेवाघाट थाना क्षेत्र के दलेलागंज मवई गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर के बाहर खेल रहे बच्चे को स्कूली वैन ने कुचल दिया। हादसे में बच्चे का सिर वैन के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10 बजे स्कूली वैन बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दलेलागंज मवई गांव में घर के बाहर खेल रहा तीन वर्षीय बच्चा वैन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने वैन और उसके चालक हरिशंकर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की पिटाई भी की।
नशे में वैन चलाने का आरोप
ग्रामीणों ने चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ कौशाम्बी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों को स्कूल पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले वाहन चालकों की सतर्कता और नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।