News By-नितिन केसरवानी
प्रकाश व्यवस्था सुधारने और गो-सेवा के साथ धार्मिक आस्था के सम्मान में उठाया कदम
कौशाम्बी: भरवारी नवरात्र के अवसर पर मंगलवार को नगर पालिका परिषद भरवारी परिसर स्थित अंबेडकर भवन से नगरवासियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए दो आधुनिक स्काई लिफ्ट और तीन विशेष ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नगर अध्यक्ष कविता पासी ने वाहनों को नगरवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया।

दो आधुनिक स्काई लिफ्ट के माध्यम से नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। इनके जरिए स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य अधिक सुविधाजनक तरीके से किया जा सकेगा। इससे नगर के विभिन्न वार्डों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने में सहूलियत होगी।वहीं, तीन विशेष ई-रिक्शा को गो-सेवा के तहत अवशेष भोजन के संग्रह और धार्मिक आस्था के सम्मान के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इन ई-रिक्शा के माध्यम से खंडित मूर्तियों और पूजा सामग्री का एकत्रीकरण किया जाएगा, ताकि धार्मिक सामग्री का उचित तरीके से निस्तारण किया जा सके।

नगर पालिका की इस पहल का उद्देश्य जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना है। इस पहल से नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।