*धार में परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान*
*10 वाहनों पर सख्ती से कार्यवाही, ₹34,000 का वसूला जुर्माना*
*ओवरलोडिंग और नियम विरुद्ध संचालित पिकअप व बसों पर कड़ा एक्शन*
*धार, 26 सितंबर 2026।* परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना धार के आदेशों के परिपालन में जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शनिवार को श्री हृदेश यादव (अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, धार), कुमारी दिव्या पाटीदार (परिवहन उप निरीक्षक), श्री मधुकर सिसोदिया (सहायक वर्ग-2) एवं उनकी टीम द्वारा स्कूल वाहनों, यात्री बसों तथा पिकअप वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
*लेबड़ और मांगोद क्षेत्र में सघन जांच एवं चालानी कार्यवाही:*
परिवहन विभाग की टीम ने धार जिले के लेबड़ एवं मांगोद क्षेत्र में विशेष नाकेबंदी कर यात्री बसों एवं पिकअप वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान 10 वाहन यातायात नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए। टीम ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए इन वाहनों से कुल ₹34,000 की जुर्माना राशि वसूल की।
*ओवरलोडिंग और नियम विरुद्ध संचालित पिकअप व बसों पर प्रशासन सख्त*
जांच के दौरान कई पिकअप वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां भरी पाई गईं, जो सड़क सुरक्षा के लिहाज से बेहद जोखिमपूर्ण है। ऐसे पिकअप वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए उनके चालन लाइसेंस (Driving License) निलंबन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। साथ ही चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि यदि भविष्य में पुन: इस प्रकार की गलती दोहराई गई, तो संबंधित वाहन का पंजीयन निरस्त/निलंबित कर दिया जाएगा।
*सड़क सुरक्षा के लिए निरंतर जारी रहेगी कार्यवाही:*
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (ARTO) धार ने बताया कि जिले में यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के विशेष अभियान चलाकर चेकिंग की जाती है। नियम उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ यह दंडात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन का सफर सुरक्षित रहे।
