जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर किलकिला में विशेष बैठक, 10 हजार से अधिक धर्मयोद्धाओं की जुटेगी सहभागिता
*जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर किलकिला में विशेष बैठक, 10 हजार से अधिक धर्मयोद्धाओं की जुटेगी सहभागिता*
*सक्ति।* आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित धरमजयगढ़ प्रवास को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए किलकिला शिव मंदिर, पत्थलगांव में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में माता धाम पुजारी-गुनिया-बैगा समन्वय समिति की ओर से हुई।

बैठक में जनजातीय समाज की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा 10,000 से अधिक धर्मयोद्धाओं की संभावित उपस्थिति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पत्थलगांव, लैलूंगा, धरमजयगढ़, सीतापुर, जशपुर और कुनकुरी विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले धर्मयोद्धाओं की संख्या, आगमन, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं का विधानसभा-वार आकलन किया गया।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी स्मृति ज़ुबिन ईरानी भी तैयारियों की समीक्षा और संगठनात्मक समन्वय के लिए धरमजयगढ़ पहुंची थीं। उन्होंने बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उसी क्रम में यह बैठक आयोजित की गई।
*बिरसा मुंडा की प्रेरणा से हो रहा आयोजन*
बैठक में कहा गया कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिस अदम्य साहस, त्याग और समर्पण के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, आस्था और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसी प्रेरणा और संकल्प के साथ धर्मयोद्धा भी दिन-रात जनजातीय संस्कृति और सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं।
धर्मांतरण के माध्यम से जनजातीय समाज की मूल आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रभावित करने वाली ताकतों के विरुद्ध ये धर्मयोद्धा दृढ़ता से खड़े हैं। उनका यह प्रयास अपनी गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प है।
*प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का आह्वान*

इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जनजातीय समाज के मान-सम्मान, आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समाज की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के शौर्य, स्वाभिमान, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उसके अतुलनीय योगदान को नमन करने का अवसर है।
बैठक में कपिल शास्त्री, टीकाराम पटेल, विनय पांडेय, लिंगराज सहित क्षेत्र के गुरुजन, माताओं-बहनों और वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।