Breaking News in Primes

सरसवां के पास दर्दनाक सड़क हादसा: एम्बुलेंस-कार की भीषण टक्कर में मां-बेटे की मौत

0 39

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

पिता और बेटी गंभीर घायल, प्रतापगढ़ निवासी परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कौशांबी: जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सरसवां गांव के पास एम्बुलेंस और कार की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में कार सवार मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ निवासी एक परिवार किसी आवश्यक कार्य से कार द्वारा यात्रा कर रहा था। जैसे ही उनकी कार सरसवां गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार एम्बुलेंस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में कार में सवार मां और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चला रहे पिता और पीछे बैठी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों एवं 108 एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना पर पहुंची महेवाघाट पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त कार और एम्बुलेंस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!