पत्रकार सुरक्षा कानून सहित सभी मांगें पूरी होगीं: उपमुख्यमंत्री शुक्ल* *मजदूर दिवस पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जबरदस्त रैली निकाल कर बुलंद की आवाज* *संभागीय अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में पहुंचे रीवा संभाग के पत्रकार*
*पत्रकार सुरक्षा कानून सहित सभी मांगें पूरी होगीं: उपमुख्यमंत्री शुक्ल*
*मजदूर दिवस पर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने जबरदस्त रैली निकाल कर बुलंद की आवाज*
*संभागीय अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में पहुंचे रीवा संभाग के पत्रकार*
*अरविंद सिंह परिहार सम्भागीय ब्यूरो रीवा*
आज 1मई को शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर भोपाल के न्यू मार्केट स्थित समन्वय भवन में मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सामिल मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सभा को सम्बोधित करते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून सहित विभिन्न मांगों को पूरा करने का भरोसा देते हुए कहा है कि हमारी सरकार समस्याओं का समाधान करने के लिए है।
इसके पहले संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल को पत्रकार सुरक्षा कानून सहित 21 सूत्रीय मांगों का पत्र सौंपा। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री मुकेश नायक सहित पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में आए श्रमजीवी पत्रकार साथी मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद न्यू मार्केट में श्रमजीवी पत्रकार साथियों ने अपनी मांगों को लेकर विशाल रैली निकाल कर अपनी आवाज बुलंद की।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मांग पत्र उन्हीं को दिया जाता है जो मांग को पूरा करते हैं। इसलिए निश्चित रूप से पत्रकारों की मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से होता है। सरकार ने पहले भी पत्रकारों की कई मांगों को पूरा किया है। वे मुख्यमंत्री से जरूर बात करेंगे कि पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए कमेटी क्यों नहीं बनी। श्री शुक्ल ने कहा कि सत्ता आती है, जाती है हम लोग जनता की समस्या का समाधान करने वाले लोग हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के कटाक्ष पर कहा कि उन्हें पत्रकारों की मांगों को पूरा करने के लिए मदद नहीं करनी पड़ेगी, सरकार खुद यह काम करेगी। उन्होंने कहा कि जो जहां हैं वहीं रहें। वे विपक्ष का अपना काम अच्छा कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को वरदान बनाना है तो हमें पत्रकारिता को मजबूत बनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जितना अच्छा शासन, उतना अच्छा विपक्ष और पत्रकारिता।
*शलभ भदौरिया और श्रमजीवी पत्रकार संघ एक दूसरे के पर्याय*
श्री शुक्ल ने कहा कि शलभ भदौरिया और मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ एक दूसरे के पर्याय हैं। इतने लंबे समय तक शलभ जी द्वारा दायित्व का निर्वाह उनके कार्यों को मान्यता प्रदान करता है। श्री शुक्ल ने कहा कि इतने लंबे समय से संगठन चलकर पत्रकारिता को मजबूत करने पर वे शलभ भदौरिया का अभिनंदन करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने श्रमजीवी साथियों की विशाल संख्या को देखकर कहा कि जितने साथी हाल में हैं उससे कहीं ज्यादा बाहर मौजूद हैं। यह सब मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के भरोसे के कारण है। इसीलिए यह संघ टिका है। इतना ही नहीं पत्रकारिता क्षेत्र के प्रदेश के मजबूत स्तंभ यहां उपस्थित हैं।
*हम पूरी कर देंगे मांग: जीतू पटवारी*
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकारों ने अपनी मांगों को लेकर जो भावना व्यक्त की वह स्वाभाविक है। उनकी मांगे पूरी करना सरकार का दायित्व ही नहीं पत्रकारों का अधिकार भी है। उन्होंने श्रमजीवी पत्रकार साथियों की मांगों का समर्थन करते हुए उपमुख्यमंत्री से उन्हें पूरा करने को कहा। श्री पटवारी ने कटाक्ष कर कहा कि आप जो मांगें छोड़ देंगे वे हम पूरी कर देंगे।
श्री पटवारी ने कहा कि आज देशभर में हालात इतने खराब हैं कि 400 पत्रकारों पर हमले हो चुके हैं और इनमें 40 पत्रकारों की मौत हो चुकी है। समाज को सही दिशा में चलाने और सच्चाई उजागर करने पर पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। पत्रकार एक सैनिक की भूमिका निभाता है, उसकी रक्षा करना सरकार और समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार कमियां खोज कर लाता है और इस पर विपक्ष आवाज उठाता है। यदि हमलों के डर से विपक्ष भी आवाज उठाना बंद कर दे तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। श्री पटवारी ने कहा कि किस तरह का वातावरण है कि पत्रकारों को सुरक्षा मांगनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग को पत्रकारों के रक्षक का काम करना चाहिए जबकि वह मुख्यमंत्री का मूड ठीक करने के काम का होकर रह गया है।
*उपमुख्यमंत्री को सौंपा 21 सूत्रीय मांग पत्र*
इसके पहले शासन संगठन समन्वय समिति के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी ने लिफ्ट गिरने पर घायल होने के बावजूद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के 21 सूत्रीय ज्ञापन का वाचन कर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से उन्हें पूरा करने की मांग की। ज्ञापन की प्रति प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने उपमुख्यमंत्री को सौंपी। उन्होंने मांगों को तत्परता से पूरा करने की जरूरत बताई।
साथ ही रिज़वान अहमद सिद्दीक़ी ने बताया कि प्रदेश महामंत्री सुनील त्रिपाठी , महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक अनीता चौबे , सादिया खान के स्वास्थ के बारे में जानकारी दी और बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया पूर्णतः स्वस्थ है ।
उन्होंने यह भी बताया कि गंभीर परिस्थितियों के बावजूद नर्मदा हॉस्पिटल के संचालक डॉ राजेश शर्मा के निर्देशन पर टीम ने कुशलता पूर्वक उन्हें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाया ।
*सुशील अग्रवाल का अभिनंदन*
कार्यक्रम में मध्या एडवरटाइजिंग के सुशील अग्रवाल का मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ को ओर से प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया और मुख्यातिथि राजेंद्र शुक्ला ने अभिनंदन किया। श्री अग्रवाल ने लिफ्ट गिरने से घायल हुए सभी श्रमजीवी पत्रकार साथियों का उपचार कराने का जिम्मा लिया है।
इसके पहले लिफ्ट गिरने से घायल कार्यक्रम की आयोजन समिति के संयोजक शासन संगठन समन्वय समिति रिजवान अहमद सिद्दीकी और महिला प्रकोष्ठ की प्रगति सक्सेना ने उस घटनाक्रम का ब्यौरा देते हुए बहुत बड़ी घटना टल जाने पर ईश्वर का लाख लाख शुक्र जताया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, राजकुमार दुबे, अमित द्विवेदी, राजेंद्र राठौर, संगठन प्रभारी मो अली, संयोजक अनुशासन समिति प्रहलाद सिंह भदौरिया, संयोजक इलेक्ट्रानिक प्रकोष्ठ मनोज गोस्वामी, सह संयोजक शासन संगठन समन्वय समिति राजेंद्र पुरोहित आदि ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने को जरूरी बताते हुए मांग पूरी होने तक सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की वकालत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। श्रमजीवी साथियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया, कोषाध्यक्ष शिशुपाल सिंह तोमर, संयोजक सदस्यता अभियान समिति सरल भदौरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, अनिल त्रिपाठी, प्रदेश सचिव मेंहदी हसन, रामशरण पाराशर सहित पूरे प्रदेश से आए प्रदेश, संभाग, जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों सहित लगभग 2-3 हजार की संख्या में श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्य मौजूद थे।
*रीवा सम्भाग से सैकड़ो की संख्या में पहुंचे पत्रकार*
भोपाल में आयोजित इस कार्यक्रम में रीवा संभाग के मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के सैकड़ो सदस्य संभागीय अध्यक्ष अखिलेश पांडे के नेतृत्व में पहुंच शामिल हुए जिसमें सम्भागीय महासचिव रीवा आदित्य सिंह, जिला उपाध्यक्ष सीधी राम भूषण तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष मझौली अरविंद सिंह परिहार, महासचिव शैलेन्द्र दाहिया, जिला सचिव ललित मिश्रा, कुलदीप गुप्ता, रामपुर नौकिन ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह,आदि के साथ रीवा,सतना, सीधी, सिंगरौली के सैकड़ों श्रमजीवी पत्रकार साथी सामिल रहे।