Breaking News in Primes

जिला अस्पताल के डॉक्टर के आवास में चोरी का बड़ा खुलासा, हापुड़-बागपत के दो शातिर गिरफ्तार

0 9

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

छह लाख की नकदी और सोने-चांदी के जेवर उड़ाने वाले आरोपियों से तीन लाख रुपये नकद, जेवर, तमंचा-कारतूस और वेगनआर कार बरामद; कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे।

कौशाम्बी: मंझनपुर थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल परिसर स्थित चिकित्सक के आवास में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर हापुड़ और बागपत जनपद के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीजान और शाकिर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की वेगनआर कार बरामद की है।

पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को वादी डॉ. रमेश चंद्र यादव ने मंझनपुर थाने में सूचना दी थी कि जिला अस्पताल परिसर स्थित उनके आवास का ताला तोड़कर चोर घर में घुस गए और नकदी व आभूषण पार कर दिए। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 510/2026 के तहत धारा 305(ए)/331(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस टीम, एसओजी और सर्विलांस को खुलासे के निर्देश दिए। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान 20 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वेगनआर कार में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चोरी के तीन लाख रुपये, सोने के आभूषणों में एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी टॉप्स, एक लॉकेट, एक ओम का लॉकेट और कान का एक झाला बरामद हुआ है। सोने के आभूषणों का कुल वजन करीब 19.370 ग्राम तथा चांदी के दो जोड़ी पायल का वजन करीब 266 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल एक सफेद रंग की वेगनआर कार भी बरामद की गई है।

पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 12 नवंबर को अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी के इरादे से मंझनपुर जिला अस्पताल परिसर पहुंचे थे। वहां सरकारी कॉलोनी में डॉक्टरों के आवासों की रेकी की और एक बंद मकान को निशाना बनाया। इसके बाद 13 नवंबर को दोबारा पहुंचकर आवास का ताला तोड़ा और घर में रखी करीब छह लाख रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की रकम और जेवर आपस में बांट लिए थे।

अपराधिक इतिहास ने खोली शातिरों की पोल

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अलीजान के खिलाफ हापुड़, बागपत, कानपुर नगर, गाजियाबाद और संभल समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, नकबजनी और अन्य धाराओं के कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी शाकिर के खिलाफ भी नोएडा और गाजियाबाद में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना मंझनपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल रही। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही है।

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!