News By-नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज ग्राम रोजगार सेवकों ने आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उ.प्र. के मूरतगंज ब्लॉक संयोजक अनिल कुमार प्रजापति और ब्लॉक सहसंयोजक संजय शर्मा ने शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को खंड विकास अधिकारी मूरतगंज को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की रूपरेखा साझा की।
ज्ञापन के अनुसार, मानदेय वृद्धि (24,000 रुपये प्रतिमाह), कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान और अन्य विभागीय समस्याओं को लेकर 13 नवंबर 2026 को ग्राम्य विकास विभाग के साथ वार्ता हुई थी, जिसमें समाधान के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। समय सीमा बीतने के बावजूद कोई ठोस निर्णय न होने से सेवकों में आक्रोश है।
मोर्चा ने तय किया है कि 21 नवंबर से ही 23 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। मांगें पूरी न होने पर प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार के साथ 27 नवंबर को जिला मुख्यालय और 3 दिसंबर 2026 को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि आंदोलन की स्थिति में शासन व विभाग जिम्मेदार होगा।