Breaking News in Primes

_14 साल के रजत की मौत… जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं?

0 156

लोकेशन धामनोद

 

 

  • *_14 साल के रजत की मौत… जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं?_*

 

*_आनंद नगर कॉलोनी में निर्माण की अनियमितताओं और हाईटेंशन लाइन की अनदेखी ने ली मासूम की जान! तीन महीने से शिकायतें, नोटिस और गुहार… फिर भी धामनोद पुलिस की विवेचना कहां अटकी?_*

 

*_कॉलोनी प्रबंधन से लेकर विद्युत विभाग और नगर निवेश के अधिकारियों तक सवालों के घेरे में, पिता की शिकायतों के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता पर उठे गंभीर सवाल_*

 

*धामनोद।* आनंद नगर कॉलोनी में 14 वर्षीय रजत विश्वकर्मा की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत ने अब एक बड़े प्रशासनिक और पुलिसिया सवाल को जन्म दे दिया है। 2 अगस्त को हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसे रजत ने 18 नवंबर को इंदौर के चोइथराम अस्पताल में दम तोड़ दिया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद से लगातार शिकायतें, पुलिस अधीक्षक तक गुहार और संबंधित जिम्मेदारों को कानूनी नोटिस दिए जाने के बावजूद परिजनों के अनुसार अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। आखिर एक नाबालिग की जान जाने के बाद भी पुलिस की जांच और विवेचना किसका इंतजार कर रही है?

*_कॉलोनी के बीच हाईटेंशन लाइन, सुरक्षा इंतजामों की जिम्मेदारी किसकी :–_*

 

जानकारी के अनुसार सुन्द्रैल फाटा के समीप बसी आनंद नगर कालोनी निवासी सुनील विश्वकर्मा का 14 वर्षीय पुत्र रजत 2 अगस्त को अपने दोस्तों के साथ आनंद नगर कॉलोनी में क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान गेंद कॉलोनी की बाउंड्रीवॉल के दूसरी ओर चली गई। गेंद लेने के लिए रजत जैसे ही बाउंड्री पार करने लगा, कॉलोनी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। सबसे विचारणीय बात यह है कि कालोनी के बीच से गुजर रही हाइटेंशन लाइन के तार, कालोनी की बाउंड्रीवाल से महज 2 से 3 फिट ही ऊंचाई पर है वहीं कालोनी की बाउंड्रीवाल तकरीबन 5 से 6 फिट की ही है । गेंद लाने के दौरान जैसे रजत ने दीवार की दूसरी ओर जाने प्रयास किया रजत हाइटेंशन लाईन की चपेट में आ गया । करंट इतना भीषण था कि किशोर बुरी तरह झुलस गया। उसे तत्काल विनायक अस्पताल धामनोद में भर्ती कराया गया और बाद में गंभीर स्थिति में इंदौर रेफर किया गया। इतना सब होने के बाद कालोनी प्रबंधन और विद्युत विभाग की मिलीभगत से तत्काल इस हाइटेंशन लाइन को हटाने का काम शुरू कर दिया ताकि मौके से सबूत मिटाये दिए गए । वहीं पुलिस ने भी आज तक इस बारे में पड़ताल करना उचित नहीं समझा ।

यहां सबसे बड़ा सवाल कॉलोनी के निर्माण और स्वीकृति को लेकर है। यदि कॉलोनी के बीच से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी तो निर्माण की अनुमति देते समय सुरक्षा मानकों का परीक्षण किसने किया? क्या विद्युत विभाग और नगर एवं ग्राम निवेश के अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण किया था?

क्या कॉलोनी का लेआउट स्वीकृत नियमों के अनुरूप था?

क्या विद्युत लाइन के आसपास निर्धारित सुरक्षा दूरी और प्रतिबंधों का पालन किया गया? यदि नियमों की अनदेखी हुई तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?

*_पिता शिकायत करते रहे, पुलिस की कार्रवाई का इंतजार खत्म नहीं हुआ! :–_*

 

मृतक के पिता सुनील विश्वकर्मा ने 5 अक्टूबर को थाना प्रभारी धामनोद को लिखित शिकायत दी। इसके बाद 10 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक धार को भी शिकायत सौंपी गई। परिजनों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस ने न तो प्रभावी जांच की और न ही जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जानकारी दी।

सवाल यह है कि अस्पताल से पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बावजूद शुरुआती स्तर पर क्या कार्रवाई की गई? क्या घटनास्थल का निरीक्षण किया गया? क्या विद्युत विभाग से तकनीकी रिपोर्ट मांगी गई? क्या कॉलोनी प्रबंधन से निर्माण की अनुमति, स्वीकृत नक्शा और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज तलब किए गए? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और प्रबंधन के बयान दर्ज किए गए? यदि यह सब नहीं हुआ तो फिर पुलिस की विवेचना आखिर किस दिशा में चल रही है?

कानूनी नोटिस भी बेअसर, जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल

उपचार के दौरान ही पिता ने अपने अधिवक्ता प्रदीप दुबे, उच्च न्यायालय इंदौर के माध्यम से 16 अक्टूबर को आनंद नगर कॉलोनी के प्रबंधक एकता ग्रुप, विद्युत मंडल धामनोद के मुख्य अभियंता, नगर एवं ग्राम निवेश विभाग के संयुक्त संचालक और सहायक संचालक धार एवं इंदौर, विनायक अस्पताल सहित अन्य संबंधित पक्षों को कानूनी नोटिस भेजे थे। पिता के अनुसार नोटिस प्राप्तकर्ताओं की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।

अब रजत की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है। सवाल यह भी है कि क्या पुलिस ने कानूनी नोटिस में उठाए गए बिंदुओं को अपनी जांच का हिस्सा बनाया? क्या कॉलोनी निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है? क्या जिम्मेदारों की भूमिका की जांच की जा रही है?

एकता ग्रुप की अन्य कॉलोनियां भी जांच के दायरे में आएं

इस घटना ने एकता ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही अन्य निर्माणाधीन कॉलोनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। क्या वहां भी स्वीकृत नक्शे, विद्युत सुरक्षा, निर्माण नियमों और अन्य अनिवार्य अनुमतियों का पालन हो रहा है? जिला प्रशासन को केवल आनंद नगर कॉलोनी तक सीमित न रहते हुए संबंधित निर्माण कार्यों और स्वीकृतियों की भी जांच करानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

*_अब पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन से सीधे सवाल :–_*

2 अगस्त की घटना के बाद पुलिस ने अब तक कौन-कौन सी जांच और कार्रवाई की?

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण और आवश्यक साक्ष्य संकलन किया या नहीं?

5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर की लिखित शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई?

कॉलोनी प्रबंधन, विद्युत विभाग और नगर निवेश अधिकारियों की भूमिका की जांच क्यों सामने नहीं आई?

क्या कॉलोनी का स्वीकृत लेआउट और हाईटेंशन लाइन संबंधी अनापत्ति एवं सुरक्षा दस्तावेजों की जांच की गई?

*_14 वर्षीय किशोर की मौत के बाद भी जिम्मेदारी तय करने में इतना समय क्यों लग रहा है? :–_*

अब सवाल सिर्फ हादसे का नहीं, जवाबदेही का है! एक पिता ने अपने 14 वर्षीय बेटे को खो दिया। परिवार की जिंदगी में ऐसा खालीपन आया है जिसकी भरपाई संभव नहीं। लेकिन इस घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करना प्रशासन का दायित्व है। अब पुलिस अधीक्षक धार को पूरे मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा कराकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और विवेचना में देरी क्यों हुई। साथ ही जिला प्रशासन को कॉलोनी की स्वीकृति, निर्माण और विद्युत सुरक्षा की तकनीकी जांच करानी चाहिए।

रजत अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसकी मौत से जुड़े सवाल अभी जिंदा हैं। क्या पुलिस निष्पक्ष विवेचना कर जिम्मेदारों तक पहुंचेगी या एक मासूम की मौत भी सरकारी फाइलों और विभागीय चुप्पी में दबकर रह जाएगी ?

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!