डीपीएल सीजन-2 का भव्य शुभारंभ, पत्रकारों और स्कूल डायरेक्टर्स के बीच हुआ रोमांचक मैत्री क्रिकेट मुकाबला
लोकेशन धामनोद
*डीपीएल सीजन-2 का भव्य शुभारंभ, पत्रकारों और स्कूल डायरेक्टर्स के बीच हुआ रोमांचक मैत्री क्रिकेट मुकाबला*
धामनोद। खेल भावना, आपसी सौहार्द और उत्साह के वातावरण में दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल (DPIS), धामनोद की बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता डीपीएल(DPIS Premier League) सीजन-2 का भव्य शुभारंभ सोमवार, 16 नवंबर को हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बालाजी मंदिर परिसर से हुई, जहां पिछले वर्ष की विजेता एवं उपविजेता हाउस टीमों के खिलाड़ियों द्वारा ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इसके पश्चात भव्य रैली निकाली गई, जो उत्साह और खेल के प्रति जुनून का संदेश देते हुए आगे बढ़ी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धामनोद एसडीओपी सुश्री अर्चना रावत ने डीपीएल सीजन-2 का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विद्यालय द्वारा आयोजित इस अनूठे खेल आयोजन की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर विजय पारीक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण आपसी मित्रता और खेल भावना है। सभी खिलाड़ियों को विपक्षी टीम के प्रति सम्मान और मित्रवत व्यवहार रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार या जीत को सकारात्मक रूप से स्वीकार करना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य धीरज जायसवाल ने उपस्थित सभी खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष खेल की शपथ दिलवाई।
पत्रकारों और डायरेक्टर्स के बीच मैत्री क्रिकेट मुकाबला
उद्घाटन समारोह के बाद धामनोद के पत्रकारों की टीम पत्रकार 11 और विद्यालय के डायरेक्टर्स की टीम डायरेक्टर्स 11 के बीच 8-8 ओवर का मैत्री क्रिकेट मुकाबला खेला गया। मैच में पत्रकार 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए।
पत्रकार 11 की ओर से अंतु शिंदे ने मात्र 21 गेंदों पर 65 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं मुकेश मुकेश सोडानी ने 7 रन और दिनेश पाटीदार ने 12 रनों का योगदान दिया।
112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डायरेक्टर्स 11 की टीम निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 53 रन ही बना सकी। इस प्रकार पत्रकार 11 ने 58 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

गेंदबाजी में डायरेक्टर्स 11 की ओर से महादेव पाटीदार ने 2 ओवर में 46 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि दिनेश पाटीदार ने एक विकेट हासिल किया। वहीं पत्रकार 11 की ओर से मुकेश सोडानी ने 2 ओवर में मात्र 9 रन देकर 1 विकेट तथा अश्विन जायसवाल ने 1 विकेट लिया।
मैत्री मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। मैच ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि डीपीएल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल क्रिकेट के मैदान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। डीपीएल सीजन-2 में विभिन्न हाउस टीमों के बीच मुकाबले होंगे, जिनमें विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।