News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
भगवान श्रीराम की मनमोहक झांकियों ने मोहा मन, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा; विशेष अतिथियों की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा
कौशांबी: नगर पालिका परिषद भरवारी के नया बाजार में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव के तहत गुरुवार को भगवान श्रीराम के भव्य रामदल की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा नगर जय श्रीराम और सियावर रामचंद्र की जय के उद्घोष से गूंज उठा। आकर्षक झांकियों और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे नगर को राममय बना दिया।
नया बाजार स्थित हनुमान मंदिर से मंदिर के पुजारी पंडित सुरेश्वर नाथ शुक्ला ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर रामदल शोभायात्रा का शुभारंभ कराया। शोभायात्रा में सबसे आगे बजरंगबली हनुमान जी की भव्य झांकी चल रही थी। इसके पीछे सुसज्जित रथों पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और अन्य धार्मिक पात्रों की मनमोहक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रामदल के दर्शन के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
रावण वध के साथ अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश
शोभायात्रा सिंघिया स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंची, जहां भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का जीवंत मंचन किया गया। युद्ध के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अंत में भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया। रावण का पुतला गिरते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद विजय उत्सव के रूप में रामदल ने नगर भ्रमण किया।
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों से पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम की झांकी का स्वागत किया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रामभक्ति में सराबोर नजर आए। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के बीच शोभायात्रा में शामिल रहे। पूरे नगर में उत्सव और दीपावली जैसा माहौल दिखाई दिया।
विशेष अतिथियों की मौजूदगी ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा
रामलीला महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में बड़े हनुमान मंदिर, प्रयागराज के व्यवस्थापक रजनीश गिरी महाराज जी, देव पांडे एवं दयाशंकर पांडे की उपस्थिति रही। उनकी मौजूदगी ने धार्मिक आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं रामभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
वर्षों पुरानी परंपरा को कमेटी ने बनाया भव्य आयोजन
नया बाजार की रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित यह महोत्सव भरवारी की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष नगर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालु भी पूरे उत्साह से इस आयोजन में शामिल होते हैं। आयोजन को सफल बनाने में व्यापारियों, नगरवासियों और श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहता है।
कमेटी पदाधिकारियों सहित गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
इस अवसर पर कमेटी के संरक्षक कैलाश चंद केसरवानी पूर्व चेयरमैन, संरक्षक नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी, संजय गुप्ता पूर्व विधायक, प्रकाश चंद, राजेश केसरवानी, गंगा प्रसाद उर्फ काले पूर्व चेयरमैन, घनश्याम दास केसरवानी, घनश्याम रस्तोगी, जितेंद्र केसरवानी, अध्यक्ष रविंद्र कुमार उर्फ नितुल चौधरी, महामंत्री वेद प्रकाश, कोषाध्यक्ष विनीत कुमार उर्फ दीपू, पीतांबर लाल केसरवानी, राम प्रकाश मिश्रा एडवोकेट, उपाध्यक्ष अरुण कुमार पत्रकार, अजय सेठ, शिवम केसरी, हर्ष केसरवानी उर्फ गोलू सहित कमेटी के समस्त पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
रामदल शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। पूरी शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भव्य आयोजन ने एक बार फिर भरवारी की धार्मिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्रीराम के प्रति नगरवासियों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया।