जुन्नारदेव
लोकार्पण के बाद भी संजीवनी क्लीनिक पर ताला—जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखने के विरोध में तत्काल कार्रवाई हेतु कांग्रेसियों द्वारा सौंपा ज्ञापन।
संजीवनी क्लीनिक का विधिवत लोकार्पण किया गया था। लोकार्पण के समय जनता को यह उम्मीद बंधाई गई थी कि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र ही डॉक्टर, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
लेकिन लोकार्पण के इतने समय बाद भी आज दिनांक तक संजीवनी क्लीनिक पर ताला लटका हुआ है। न नियमित डॉक्टर उपलब्ध हैं, न मरीजों के उपचार की समुचित व्यवस्था है और न ही अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं जनता को मिल पा रही हैं।
यह स्थिति केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत जरूरतों के साथ गंभीर खिलवाड़ है। जिस स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण बड़े स्तर पर किया गया, उसका आज तक जनता के उपयोग में नहीं आना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक स्थिति है।
कांग्रेस पार्टी इस पूरी व्यवस्था की कड़े शब्दों में निंदा करती है। जनता के पैसों से तैयार किए गए स्वास्थ्य केंद्र को केवल लोकार्पण तक सीमित रखकर उस पर ताला डाल देना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस की स्पष्ट मांगें—
1. संजीवनी क्लीनिक को तत्काल प्रारंभ किया जाए।
2. वहां नियमित रूप से डॉक्टर एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराए जाएं।
3. आवश्यक दवाइयां एवं जांच सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
4. लोकार्पण के बाद अब तक क्लीनिक बंद रहने के कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
5. क्लीनिक संचालन की समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए।
यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनता के स्वास्थ्य के इस गंभीर मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
जनता को केवल फीता काटने और लोकार्पण की तस्वीरें नहीं, बल्कि वास्तविक स्वास्थ्य सुविधा चाहिए।
ताला खोलिए, डॉक्टर बैठाइए और जनता को उसका स्वास्थ्य अधिकार दिलाइए।
प्रतिलिपि _श्रीमान विधायक सुनील ऊईके जी विधानसभा जुन्नारदेव
माननीय अनुविभागिय अधिकारी राजस्व जुन्नारदेव
अरुणेश जायसवाल
नगर कांग्रेस अध्यक्ष, जुन्नारदेव
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस