रातामाटी में अधूरा शौचालय निर्माण, ग्रामीणों ने उठाए सवाल; जांच की मांग
ब्यूरो रिपोर्ट दीपक कुमार बडौदे 8718000562
बैतूल/भीमपुर। ग्राम पंचायत रातामाटी में स्वच्छता अभियान के तहत बनाया जा रहा सुलभ शौचालय लंबे समय से अधूरा पड़ा होने का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों के साथ साप्ताहिक बाजार में आने वाले व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय निर्माण के लिए सरकारी राशि स्वीकृत एवं खर्च किए जाने के बावजूद मौके पर निर्माण अधूरा है और वर्तमान स्थिति में इसका उपयोग संभव नहीं है। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत राशि, किए गए भुगतान और कार्य की प्रगति की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए बनाया जा रहा शौचालय अधूरा होने से महिलाओं, बुजुर्गों तथा बाजार में आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो जाता तो इसका लाभ आमजन को मिल सकता था।
जयस कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी
जयस रातामाटी के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित दस्तावेजों, स्वीकृत राशि, भुगतान एवं निर्माण कार्य की मौके पर जांच कराई जाए। यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जल्द जांच कर निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे प्रशासन के समक्ष आंदोलन करेंगे।
अब उठ रहे ये सवाल
शौचालय निर्माण के लिए कितनी राशि स्वीकृत हुई? अब तक कितना भुगतान किया गया? निर्माण कार्य अधूरा क्यों छोड़ा गया? इन सवालों का स्पष्ट जवाब प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।