Breaking News in Primes

स्वच्छता, संस्कार और शालीनता का दिया संदेश गुरुकुल विद्यालय में छात्राओं के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र, खुलकर रखीं अपनी जिज्ञासाएं

0 22

लोकेशन धामनोद

संवाददाता मोनु पटेल

 

 

स्वच्छता, संस्कार और शालीनता का दिया संदेश

 

गुरुकुल विद्यालय में छात्राओं के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र, खुलकर रखीं अपनी जिज्ञासाएं

 

धामनोद, 20 जुलाई। गुरुकुल विद्यालय, धामनोद में सोमवार को छात्राओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए “शारीरिक स्वच्छता, व्यवहार एवं वेशभूषा” विषय पर एक विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। विद्यालय के रत्नेश सभागृह में अंतिम दो कालखंडों के दौरान आयोजित इस मार्गदर्शन कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जिज्ञासाओं को खुलकर साझा किया।

 

विद्यालय की वरिष्ठ एवं अनुभवी शिक्षिकाओं श्रीमती सरिता माहेश्वरी, श्रीमती रेखा पटेल एवं श्रीमती भावना लाड़ ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक स्वास्थ्य एवं उससे जुड़ी आवश्यक सावधानियों, संतुलित दिनचर्या, आत्मसम्मान, शिष्ट एवं अनुशासित व्यवहार तथा विद्यालय की गरिमा के अनुरूप शालीन वेशभूषा के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, श्रेष्ठ संस्कार और सकारात्मक व्यवहार ही एक सशक्त, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार व्यक्तित्व की वास्तविक पहचान हैं।

 

संवादात्मक शैली में आयोजित इस सत्र में छात्राओं ने बिना किसी संकोच के अपने प्रश्न रखे, जिनका शिक्षिकाओं ने सरल, वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक ढंग से समाधान किया। साथ ही उन्हें स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा विद्यालय एवं समाज में आदर्श आचरण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की हेड गर्ल अतिशी जैन तथा कक्षा 12वीं की छात्राओं श्रीदा शर्मा, नित्या शर्मा एवं वैष्णवी मेडा ने अपनी जूनियर छात्राओं को हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन का भरोसा दिलाया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता, नैतिक मूल्यों एवं सशक्त व्यक्तित्व के निर्माण के उद्देश्य से ऐसे परामर्श एवं जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!