स्वामी विवेकानंद एकेडमी में दिखी गुरु-शिष्य परंपरा की जीवंत झलक
शिक्षकों का चंदन तिलक एवं स्मृति-चिह्न से सम्मान, विद्यार्थियों ने संभाली शिक्षण की कमान।
सीधी/मझौली
स्वामी विवेकानंद एकेडमी हायर सेकेंडरी स्कूल, ताला (छुही) में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान की सुंदर झलक देखने को मिली।
विद्यालय की डायरेक्टर नेहा गुप्ता द्वारा विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों का चंदन तिलक लगाकर एवं शिक्षक स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षक प्रभात सिंह गहरवार, देवमणि बैस एवं रोहिणी तिवारी का भी सम्मान किया गया। वहीं वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे अमरदीप सिंह, संकुल प्राचार्य ताला, रंगदेव गुप्ता एवं सुरेश सेन को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गुरुजनों के शैक्षणिक योगदान एवं समाज में शिक्षा के प्रसार में उनकी भूमिका के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। विद्यार्थियों द्वारा गीत, नृत्य, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रस्तुतियों में गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता के साथ भारतीय संस्कारों की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। बच्चों की यह मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी।
इस अवसर पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा एक दिन के लिए शिक्षक की भूमिका निभाई गई।विद्यार्थियों ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर अध्यापन कार्य किया तथा अपने सहपाठियों को पढ़ाया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षकों की जिम्मेदारियों, परिश्रम, धैर्य और कर्तव्य को समझने का अनूठा अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम समापन पर विद्यार्थियों के प्रति स्नेह और अपनत्व की भावना के साथ खीर खिलाकर बच्चों को उनके घर के लिए विदा किया गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने साथ मिलकर इस आत्मीय क्षण को साझा किया।