“एनएमडीसी की सीएसआर पहल से बैलाडीला की 17 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का शुभारंभ”
“सांसद महेश कश्यप ने हिरोली में किया भूमिपूजन”
“सड़क, सोलर पंप, हाईमास्ट लाइट सहित कई विकास कार्यों की मिली सौगात”
किरंदुल: देश की नवरत्न कंपनी एनएमडीसी ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला क्षेत्र की 17 ग्राम पंचायतों में आधारभूत विकास कार्यों की शुरुआत कर दी है। प्रथम चरण में किरंदुल एवं बचेली परियोजनाओं के आसपास के गांवों में सड़क, सोलर हाईमास्ट लाइट, सोलर पंप, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। इसकी औपचारिक शुरुआत कुआकोंडा विकासखंड के सुदूर ग्राम हिरोली में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम से हुई।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा एनएमडीसी बैलाडीला किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक रवींद्र नारायण ने बेलचा चलाकर सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सुदूर अंचलों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना केंद्र सरकार और एनएमडीसी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है, आने वाले समय में क्षेत्र में और भी विकास कार्य किए जाएंगे। सांसद ने सीएसआर के माध्यम से ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए एनएमडीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की। अधिशासी निदेशक रवींद्र नारायण ने अपने संबोधन में कहा कि एनएमडीसी अपने परियोजना क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में हिरोली, समलवार एवं चोलनार ग्राम पंचायतों में 17 सीसी सड़कें, 15 सोलर हाईमास्ट लाइट, 24 सोलर ड्यूल पंपसेट तथा 3 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा आगामी चरणों में अन्य विकास योजनाओं को भी अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एनएमडीसी वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। बालिका शिक्षा सहयोग योजना, ‘छू लो आसमान’, ‘लक्ष्य’ तथा शिक्षा सहयोग छात्रवृत्ति योजना जैसी पहलों ने बस्तर के युवाओं को बेहतर भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं स्वास्थ्य शिविरों, निःशुल्क उपचार और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से हजारों ग्रामीण लाभान्वित हुए हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, सदस्य सोमारू कड़ती तथा जनपद पंचायत कुआकोंडा के अध्यक्ष अनमोल सुकालू मुड़ामी ने भी विचार व्यक्त किए। भारी बारिश के बावजूद हिरोली, समलवार, चोलनार सहित आसपास के गांवों के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।