लोकेशन : किरंदुल
रिपोर्टर: शेखर दत्ता
“अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डी.ए.वी. किरंदुल में गूंजा ‘योग से निरोग’ का संदेश”
किरंदुल: लौह नगरी स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल में शनिवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पतंजलि योग सेवा समिति से पधारे योगाचार्य छबील साहू एवं श्रीमती दीपक साहू ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की आधारशिला बताया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने सभी को नियमित योग करने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।
योग सत्र के समापन के पश्चात सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। उत्साह, अनुशासन एवं स्वास्थ्य जागरूकता से परिपूर्ण यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायी एवं यादगार रहा।