News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में बुधवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बधाई पूजा के अवसर पर परिजनों के साथ गंगा किनारे गए पांच बच्चे स्नान करते समय गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से तीन बच्चों को सकुशल बचा लिया गया, जबकि दो बच्चों की तलाश देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार महमदपुर गांव निवासी रजनीश निषाद पुत्र संतोष निषाद व अन्य ग्रामीण गंगा किनारे बधाई पूजा-अर्चना के लिए गए थे। इसी दौरान गांव के पांच बच्चे — अर्जुन निषाद (13 वर्ष) पुत्र नन्दलाल निषाद, आर्यन (11 वर्ष) पुत्र सोहनलाल, साजन सरोज (14 वर्ष) पुत्र बिहारी लाल, आँचल निषाद (13 वर्ष) पुत्र नन्दलाल निषाद तथा नलकुल सरोज पुत्र गणेश — गंगा नदी में स्नान करने लगे। स्नान करते समय सभी बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही गंगा किनारे अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कोखराज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व नाविकों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों के प्रयास से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि अर्जुन निषाद और आर्यन का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। दोनों बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से गंगा नदी में जाल डालकर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार बचाव कार्य में जुटा हुआ है।