MP में 2025 बैच के 8 IAS अधिकारियों की जिलों में पोस्टिंग, सहायक कलेक्टर बनाए गए
प्रशिक्षण के बाद मैदान में उतरे युवा अफसर, अलग-अलग जिलों में संभालेंगे जिम्मेदारी
MP में 2025 बैच के 8 IAS अधिकारियों की जिलों में पोस्टिंग, सहायक कलेक्टर बनाए गए
प्रशिक्षण के बाद मैदान में उतरे युवा अफसर, अलग-अलग जिलों में संभालेंगे जिम्मेदारी
भोपाल, 24 अप्रैल 2026 मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2025 बैच के आठ परिवीक्षाधीन अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों में सहायक कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया है। ये सभी अधिकारी लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी में प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद राज्य में फील्ड ट्रेनिंग के लिए भेजे गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, सुश्री आयुषी बंसल को झाबुआ, सुश्री आशी शर्मा को धार, श्री माधव अग्रवाल को बड़वानी, सुश्री सौम्या मिश्रा को सिंगरौली, श्री श्लोक वाइकर को कटनी, सुश्री शिल्पा चौहान को खंडवा, श्री खोट पुष्पराज नानासाहेब को बैतूल तथा श्री शैलेन्द्र चौधरी को मंडला में सहायक कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है।
आदेश में उल्लेखित है कि ये अधिकारी 17 अप्रैल 2026 को प्रशिक्षण से कार्यमुक्त होने के बाद कार्यभार ग्रहण अवधि का उपयोग कर अपने-अपने जिलों में पदभार ग्रहण करेंगे।
यह आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से मुख्य सचिव अनुराग जैन द्वारा जारी किया गया है।
नव नियुक्त अधिकारियों की तैनाती से जिलों में प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने के साथ ही शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
