लोकेशन धामनोद
**धामनोद के विकास को लेकर नागरिक संगठन एकजुट, समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा**
**विजयादशमी तक समाधान की उम्मीद, इसके बाद आंदोलन पर होगा निर्णय : नीलेश माहेश्वरी**
**धामनोद।** नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को रॉयल पैलेस होटल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। विधायक मीडिया प्रतिनिधि नीलेश माहेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में पेयजल व्यवस्था, सीवरेज योजना, सड़कों के निर्माण, साफ-सफाई, यातायात और अधूरे विकास कार्यों सहित नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। सभी प्रतिनिधियों ने नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया।
नीलेश माहेश्वरी ने कहा कि विधायक कालू सिंह ठाकुर ने नगर की समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्तावित आंदोलन को विजयादशमी तक स्थगित किया है। इस अवधि में समस्याओं के समाधान की उम्मीद है। यदि उचित पहल नहीं होती है, तो आगे आंदोलन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में किसानों के मुआवजे, व्यापारिक क्षेत्रों की सड़क व्यवस्था और नगर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार जैसे विषय भी उठाए गए। उपस्थित प्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोटरी क्लब, लायंस क्लब, भारत विकास परिषद, अन्नपूर्णा रोगी सेवा समिति, नगर परिषद प्रतिनिधियों, व्यापारियों और भारतीय किसान संघ के सदस्यों सहित अन्य नागरिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने धामनोद के विकास के लिए आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।