*अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई*
*महुआ शराब के साथ मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब भी जब्त*
दैनिक
प्राईम संदेश कोरिया छत्तीसगढ़
स्टेट हेडअजीमुदिन अंसारी
*कोरिया, 25 सितम्बर 2026/* कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव एवं जिला आबकारी अधिकारी डेविड नारंग के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए महुआ शराब एवं मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है।

*ग्राम कोदवारी डांड भाड़ी में 14 लीटर महुआ शराब जब्त*
23 सितम्बर 2026 को आबकारी कंट्रोल रूम को ग्राम कोदवारी डांड भाड़ी, बैकुण्ठपुर में भारी मात्रा में महुआ शराब तैयार कर विक्रय किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा मौके पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी रधिया, पति इंद्रपाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम कोदवारी डांड भाड़ी, बैकुण्ठपुर के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती सपना सिन्हा द्वारा की गई। आरोपी को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

*मध्यप्रदेश निर्मित 27 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त*
इसी अभियान के तहत 24 सितम्बर 2026 को आबकारी विभाग द्वारा एक अन्य कार्रवाई की गई। कार्रवाई में रमेश कुमार कुर्रे, पिता कुमारसाय, उम्र 30 वर्ष, निवासी जिल्दा, चौकी बचरा पोड़ी, थाना बैकुण्ठपुर के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की 27 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
*मनपसंद एप से देखी जा सकती है मदिरा दुकानों के स्टॉक की जानकारी*
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले सहित छत्तीसगढ़ राज्य की मदिरा दुकानों में उपलब्ध मदिरा स्टॉक तथा बोतल, अद्धी एवं पाव की उपलब्धता एवं विक्रय संबंधी जानकारी मनपसंद एप के माध्यम से ऑनलाइन देखी जा सकती है। मोबाइल के प्ले स्टोर से मनपसंद एप डाउनलोड कर देशी एवं विदेशी मदिरा की विभिन्न श्रेणियों जैसे व्हिस्की, रम, जिन, ब्रांडी, वोडका, वाइन, रेडी-टू-ड्रिंक एवं बीयर की उपलब्धता संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
एप के माध्यम से आम नागरिक आबकारी विभाग को अवैध शराब, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब विक्रय अथवा मिलावटी शराब से संबंधित शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त टोल फ्री नंबर 14405 तथा व्हाट्सऐप नंबर 9424102102 पर वीडियो अथवा अन्य जानकारी साझा कर अवैध गतिविधियों की सूचना दी जा सकती है। प्राप्त शिकायतों पर विभाग द्वारा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाती है।
*आबकारी विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील की*
आबकारी विभाग ने आमजन से अपील की है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय अथवा परिवहन की जानकारी तत्काल विभाग को दें। विभाग ने कहा है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।