News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
नारा चौकी के छतुपुर गांव की घटना
कौशांबी: जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जमीन के विवाद में अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंझनपुर थाना क्षेत्र में जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बेटे राहुल कुमार ने गुस्से में आकर अपने पिता पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस की पूछताछ में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है। मंझनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में रिश्तों के टूटते विश्वास को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।