IFWJ शहडोल शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
शहडोल : गणेश केवट
हर चमकदार चीज हीरा नहीं होती : हिदायतउल्ला
समाज का चेहरा हैं पत्रकार : मनीषा
न्यायाधीश ने दिलाई पत्रकार पदाधिकारियों को शपथ
IFWJ कि जिला इकाई ने मेधावी छात्रों व समाजसेवियों का किया सम्मान
शहडोल। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (IFWJ) के संभागीय, जिला एवं ब्लाक इकाइयों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह 1 मई को जय विलास पैलेस, पाली रोड शहडोल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आरम्भ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम में न्यायपालिका, जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों एवं सैंकड़ो कि संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति ने इसे प्रदेश स्तर का महत्वपूर्ण आयोजन बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा. न्यायाधीश हिदायतउल्ला खान (इंदौर) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनीषा सिंह एवं प्रांत महासचिव रामगोपाल बंसल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र गौतम ने की। वहीं प्रदेश संगठन प्रभारी राहुल सिंह राणा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अरविंद द्विवेदी के साथ नेशनल काउंसलर गोपाल दास बंसल, मनोज सिंह, अनिल द्विवेदी, कमलेश श्रीवास्तव, रामबाबू चौबे, लुकमान अली व प्रदेश सचिव जुनैद खान, अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

पत्रकारों की कलम जनमानस की आवाज : न्यायाधीश
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि न्यायाधीश हिदायतउल्ला खान ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। अपने उद्बोधन में उन्होंने पत्रकारिता की भूमिका को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकार अपनी निष्पक्ष और सजग कार्यशैली से समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की कलम जनमानस की आवाज होती है, जो हर परिस्थिति में सत्य को सामने लाने का माध्यम बनती है। उन्होंने वर्तमान समय में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “हर चमकदार चीज हीरा नहीं होती”, इसलिए पत्रकारों को खबरों की सत्यता की गहन जांच-परख करना आवश्यक है। उन्होंने जुआ और सट्टे को सामाजिक व कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे मुद्दों को उजागर कर समाज को जागरूक करें। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इस पहल की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने IFWJ की इस पहल को रचनात्मक एवं समाजोन्मुखी बतातें हुए कहा कि आगामी 9 मई को नेशनल लोक अदालतों का आयोजन होगा जिसमें पक्षकारों को सुलभ न्याय मिलने से उनके समय और धन की बचत होगी। लोक अदालत में दोनों पक्षो के मध्य जहां एक और सुलह कराई जाती है वहीं विद्युत व नगरीय निकाय के प्रकरणो का भी निराकरण होता है।

पत्रकारों का काम मेहनत वाला : मनीषा सिंह
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि विधायक मनीषा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहडोल में भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ का यह कार्यक्रम प्रदेश स्तर का है जिसकी जितनी प्रशंसा की जाये कम है। उन्होने कहा कि पत्रकार देश दुनिया की बातों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करते हैं। पत्रकारो का काम मेहनत वाला है उनकी लेखनी से समाज और देश का विकास होता है हम सब एकजुट होकर कार्य करेंगे तो विकास की अपार संभावनाये बढ़ेगी। अंत में उन्होने कहा कि यह कार्यक्रम आदिवासी अंचल के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। विधायक नें सम्मानित मेधावी विद्यार्थियो को बधाई देकर उनका हौंसलाफजाई किया।
दायित्वों के निर्वहन में नारद जी की प्रेरणा : उपेन्द्र गौतम
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र गौतम ने IFWJ के इतिहास और विस्तार पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन की स्थापना वर्ष 1950 में हुई थी और आज इसका विस्तार अंतरराष्ट्रीय स्तर तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के प्रेरणास्रोत आदि पत्रकार महर्षि नारद हैं, जिन्होंने संवाद और संतुलन की परंपरा को स्थापित किया।
उन्होंने उपस्थित पत्रकारों से अपील की कि वे प्रेस कांउसिल ऑफ़ इंडिया के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा और समाज हित में कार्य करना है, जिससे समाज में विश्वास और सम्मान दोनों बढ़ते हैं। कार्यक्रम के अंत में उपेन्द्र गौतम ने सभी पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही संगठन की मजबूती व पत्रकारों की ताकत है और सामूहिक प्रयासों से ही पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा की जा सकती है। समारोह का समापन सम्मान वितरण एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे आयोजन को व्यापक जनसमर्थन मिला।
नेशनल काउंसलर व पदाधिकारी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से नेशनल काउंसलर गोपालदास बंसल, अनिल दिवेदी, कमलेश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, रामबाबू चौबे, लुकमान अली व संभागीय अध्यक्ष विजय उरमलिया, शहडोल जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, अजय पाल मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ की गई। इस अवसर पर शहडोल संभाग के कई पत्रकार साथियों ने IFWJ की सदस्यता ग्रहण किए। कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन के संगठन प्रभारी राहुल सिंह राणा एवं संभागीय उपाध्यक्ष अरुण द्विवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पत्रकारों में अखिलेश पाण्डेय, विश्वास हलवाई, संजीव निगम, विष्णु प्रताप सिंह के साथ अनूपपुर, उमरिया एवं शहडोल जिले कि ब्लॉक इकाई ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू, सोहागपुर जैतपुर एवं बुढार के पत्रकार साथी उपस्थित रहें.

मेधावी विद्यार्थियों व समाजसेवियों का सम्मान
इस दौरान उन छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य एवं जिला मेरिट में स्थान प्राप्त कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया। कक्षा 10वीं में सुश्री अरायना गुप्ता ने 490 अंक (98%) के साथ राज्य मेरिट में स्थान हासिल किया, जबकि सुश्री राधिका गुप्ता ने 489 अंक (97.8%) के साथ जिला मेरिट में जगह बनाई। कक्षा 12वीं में सुश्री माही मिश्रा ने 483 अंक (96.6%) के साथ कला संकाय में राज्य मेरिट में स्थान प्राप्त किया। वहीं सुश्री सर्विका शुक्ला (गणित), सुश्री सरिता राय (जीवविज्ञान), अभि दास रॉय (गणित), सुश्री नादिया रोशन (कला), सुश्री माही मिश्रा (वाणिज्य) एवं सुश्री रिमझिम मिश्रा (कला) ने भी उत्कृष्ट अंक अर्जित कर जिला मेरिट में स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले लीनस क्लब शहडोल डायमंड से मेघा गुप्ता एवं निकिता सोनी, दिव्य मुस्कान से छाया गुप्ता, कायस्थ समाज से रमा निगम, दिशा वेलफेयर एसोसिएशन से रुपाली सिंघई तथा अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान, शहडोल से गौरव मिश्रा को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।