14 अक्टूबर को प्रसून जोशी होंगे राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत , प्रसिद्ध गायक हेमंत कुमार देंगे गीतों की सुमधुर प्रस्तुति
14 अक्टूबर को प्रसून जोशी होंगे राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत , प्रसिद्ध गायक हेमंत कुमार देंगे गीतों की सुमधुर प्रस्तुति
—
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन खण्डवा के सहयोग से प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के पुण्य स्मरण अवसर पर राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह का 2 दिवसीय आयोजन 13 एवं 14 अक्टूबर, 2025 को पुलिस ग्राउण्ड, खण्डवा में किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस गीत-संगीत संध्या ये_शाम_मस्तानी एवं द्वितीय दिवस “अलंकरण समारोह” का आयोजन होगा।
संचालक, संस्कृति श्री एन.पी. नामदेव ने बताया कि महान गायक कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर संस्कृति विभाग परम्परा अनुसार यह आयोजन करता आया है। इस वर्ष यह आयोजन 2 दिवसीय किया जा रहा है। पहले दिन 13 अक्टूबर को सायं 7 बजे से ‘’ये शाम मस्तानी’’ गीत-संगीत संध्या के अंतर्गत किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति दी जायेगी। जिसमें श्री राकेश नागर, सुश्री नुपुर कौशल, श्री अनिल शर्मा, श्री अजीत श्रीवास्तव – इंदौर एवं श्री भीमराव अटकड़े, श्री गौरव खरे, श्री राजा शर्मा, सुश्री रोशनी पहलवान, श्री जितेन्द्र भांवरकर एवं श्री तोरल बखशी गीतों की प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 14 अक्टूबर को सायं 7 बजे से राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण का आयोजन होगा। इसमें सुविख्यात गीतकार श्री प्रसून जोशी को गीत लेखन के लिए वर्ष – 2024 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया जायेगा। अलंकरण के बाद सुप्रसिद्ध गायक श्री हेमंत कुमार एवं ग्रुप, मुम्बई द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। दोनों ही दिन कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।