Breaking News in Primes

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर मेडिकल कॉलेज का नाम आचार्य विद्यासागर के नाम पर करने की घोषणा

0 81

भोपाल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि सागर मेडिकल कॉलेज का नाम प्रसिद्ध जैन संत आचार्य विद्यासागर जी के नाम पर होगा। इसके अलावा जैन धर्माम्बलम्बियों को बड़ी सौगात देते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में जैन कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। डॉ यादव ने ये बातें भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित क्षमावाणी महोत्सव को संबोधित करते हुए कहीं। यह उत्सव जैन पर्व पर्यूषण के खत्म होने के बाद मनाया जाता है, जिसमें लोग जाने-अनजाने में हुई गलतियों को लेकर एक-दूसरे से सच्चे मन से क्षमा मांगते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता से जैन मुनियों को उनके विहार के दौरान नगरीय क्षेत्र या ग्रामीण क्षेत्र में भवन की आवश्यकता होने पर नि:शुल्क भवन सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि जैन धर्म और संस्कृति का गौरवशाली इतिहास है। देश-प्रदेश के साथ उज्जैन भी जैन धर्म को हजारों सालों से मानने वाली नगरी रही है।

क्षमावाणी महोत्सव में मुख्यमंत्री यादव का स्वागत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट देकर उनका सम्मान किया गया।

डॉ यादव ने कहा कि हजारों सालों से हमारे देश के शासकों ने ‘जियो और जीने दो’ की परम्परा का निर्वहन किया। हमने कभी किसी देश पर हमला नहीं किया। किसी को गुलाम नहीं बनाया। यह हमारी परम्परा रही है। कदम-कदम पर हमारी संस्कृति के उदाहरण मिलते हैं। समर्थ, सक्षम और बड़ा आदमी छोटे के प्रति क्षमा का भाव रखे तो सही है। बड़ा आदमी छोटे के प्रति विनम्रता का भाव रखे तो यह वीरता को दर्शाता है। यह भगवान महावीर का दर्शन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन धर्म के आचार्यों ने हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया है। जैन मुनियों के माध्यम से जीवन जीने का आनंद, प्रेरणा संबल और सहारा मिलता है।

डॉ यादव ने कहा कि कोई भी देश उन्नति, प्रगति करता है और सक्षम बनता है तो अपनी संस्कृति का दूसरों पर भी प्रभाव डालना चाहता है। हमें गर्व है कि हमारा देश हमेशा अपनी शक्ति का सदुपयोग करने की दिशा में बढ़ता रहा है, इसमें हमारा दर्शन छुपा है। भारत शक्ति सम्पन्न बनकर अपने नागरिकों का भला करना तथा विश्व के सर्वश्रेष्ठ देशों में शामिल होना चाहता है। हमें गर्व उस समय और होता है जब इतना शक्ति सम्पन्न होकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रूस और यूक्रेन के बीच जाकर शांति का संदेश देता है।

डॉ यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाई है। कानून व्यवस्था, सुशासन की स्थापना करना सरकार का दायित्व है। राज्य सरकार ने सभी संभागों के अंतर्गत आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। गौशालाओं, गाय को पालने के लिए प्रोत्साहन देंगे। दूध बिक्री पर बोनस देने का निर्णय किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले महीने नीमच, मंदसौर और सिवनी में मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण होगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वी डी शर्मा ने कहा कि क्षमा की भावना रखना बड़ी बात है। क्षमा वही कर सकता है जो क्षमतावान और शक्तिमान है। क्षमावाणी हमारी संस्कृति का बड़ा और पवित्रता का पर्व है। सम्पूर्ण जैन समाज देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका में रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सभी समाजों और वर्गो को साथ लेकर चल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की भावना के अनुरूप सबका साथ-सबका विकास कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि क्षमावाणी कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने स्वयं पहल की। डॉ यादव ने जैन दर्शन को बढ़ावा देने का कार्य किया है। हमारी संस्कृति के संदेश का यह महत्वपूर्ण पर्व है। मुख्यमंत्री सभी त्यौहारों और पर्व को महत्व दे रहे हैं। पूर्व मंत्री जयंत मलैया ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बहुत समय के बाद क्षमावाणी कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हुआ है।

कार्यक्रम में विधायक उज्जैन अनिल जैन कालूखेड़ा, निवाड़ी विधायक अनिल जैन, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, मंदसौर विधायक विपिन जैन, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा, पूर्व मंत्री जयंत मलैया, पूर्व मंत्री शरद जैन सहित जनप्रतिनिधि और जैन धर्म के अनुयायी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंगलाचरण नृत्य एवं स्वागत गीत और भजनों की प्रस्तुत हुई। क्षमावाणी पर्व से संबंधित लघु वीडियो फिल्म दिखाई गयी।

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No videos found.

Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!