Breaking News in Primes

छोटी कुटी मंदिर के सौंदर्यीकरण की पहल, विधायक पल्लवी पटेल से मिला रामलीला कमेटी का प्रतिनिधिमंडल

0 19

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

विधायक निधि से मंदिर के जीर्णोद्धार एवं परिसर के विकास के लिए मांगा सहयोग, विधायक ने दिया सकारात्मक आश्वासन

कौशाम्बी: भरवारी के पुरानी बाजार स्थित श्री रामलीला कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संतोष केसरवानी एवं संयोजक नीरज बनारसी के नेतृत्व में सिराथू विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. पल्लवी पटेल से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गौरा रोड स्थित ऐतिहासिक छोटी कुटी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के दौरान रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने ऐतिहासिक श्रीराम दल कार्यक्रम में विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के गरिमामयी आगमन एवं सहभागिता के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए अंगवस्त्र एवं सम्मान के साथ अभिनंदन किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को छोटी कुटी मंदिर की वर्तमान जर्जर स्थिति से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने बताया कि गौरा रोड स्थित यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर की स्थिति को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और परिसर के समुचित विकास की आवश्यकता है। इस कार्य के लिए विधायक निधि से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने सकारात्मक रुख अपनाया और मंदिर के विकास में सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संतोष केसरवानी ने कहा कि भरवारी की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करना कमेटी की प्राथमिकता है। छोटी कुटी मंदिर क्षेत्र की आस्था से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण स्थल है, जिसके विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

वहीं, कमेटी के संयोजक नीरज बनारसी ने कहा कि मंदिर का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण होने से न केवल धार्मिक स्थल की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कमेटी इस दिशा में लगातार प्रयास करती रहेगी।प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से छोटी कुटी मंदिर के विकास और संरक्षण की उम्मीद जगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!