Breaking News in Primes

भवन्स मेहता विद्याश्रम ने पूरे किए 50 साल, धूमधाम से मनाई स्वर्ण जयंती

0 12

News By-नितिन केसरवानी

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी भारतीय संस्कृति और विद्यालय की गौरवशाली यात्रा, पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को किया गया सम्मानित, जल्द शुरू होगी एआई आधारित पढ़ाई

कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी स्थित भवन्स मेहता विद्याश्रम ने अपने गौरवशाली 50 वर्ष पूरे होने पर शनिवार को स्वर्ण जयंती समारोह धूमधाम से मनाया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विद्यालय की पांच दशक की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। इस दौरान पूर्व छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पूर्व प्राचार्यों और अतिथियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय विद्या भवन मुंबई के कार्यकारी सचिव एवं महानिदेशक जगदीश लखानी और विशिष्ट अतिथि भवन शिक्षण भारती की निदेशक पाउली मीनाचेरी ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुधीर नारायण ने की। छात्र-छात्राओं ने योग पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर स्वस्थ और फिट रहने का संदेश दिया। अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और विद्यालय की यात्रा को जीवंत किया।विद्यालय के निदेशक एडवोकेट संदीप सक्सेना ने बताया कि संस्थान की स्थापना स्वर्गीय गिरधारी लाल मेहता ने की थी। भारतीय विद्या भवन के मार्गदर्शन में विद्यालय पांच दशकों से शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दे रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर हजारों विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।मुख्य अतिथि जगदीश लखानी ने कहा कि विद्यालय में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित पाठ्यक्रम से पढ़ाई शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ तकनीक, खेलकूद, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देना संस्थान का लक्ष्य है। स्वर्ण जयंती समारोह पीढ़ियों के सपनों, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है। इस दौरान नगर अध्यक्ष कविता पासी, एडवोकेट आशीष पासी, पूर्व प्राचार्य सुशील श्रीवास्तव,सुधाकर सिंह, कैलाश चंद्र केसरवानी,प्रधानाचार्य बलाय्या गंगाराबोयिना, प्राचार्य प्रबोध श्रीवास्तव,आशीष सिंह, नसीम सहित अन्य कई गणमान्य लोग, अभिभावक व पूर्व छात्र मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!