Breaking News in Primes

जैजैपुर में आधी रात को बड़ी चोरी, ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़कर 10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण पार

0 4

*जैजैपुर में आधी रात को बड़ी चोरी, ज्वेलर्स दुकान का ताला तोड़कर 10 लाख के सोने-चांदी के आभूषण पार*

*जैजैपुर।* नगर पंचायत जैजैपुर में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर दुकान के अंदर रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब *9 लाख 99 हजार 848 रुपये* बताई गई है। घटना के बाद नगर में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जैजैपुर नगर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित *बसंत साहू ज्वेलर्स* की दुकान में 11 एवं 12 नवंबर की दरमियानी रात करीब 1.30 बजे अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर शटर खोल लिया और अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषणों को चोरी कर फरार हो गए।

*क्या-क्या हुआ चोरी*

दुकान संचालिका परमेश्वरी साहू द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, चोर दुकान से सोने का एक कान का लटकन, चार मराठी, सात लॉकेट, अंगूठी सहित अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी हुए सोने के आभूषणों का कुल वजन लगभग *33.710 ग्राम* बताया गया है, जिसकी कीमत *2 लाख 38 हजार 848 रुपये* आंकी गई है।

वहीं चोरों ने चांदी के आभूषणों को भी नहीं छोड़ा। दुकान से करीब *6 किलो की पायल, 4 किलो के कंगन, अंगूठी, चैन, बिछिया सहित अन्य चांदी के आभूषण और सिक्के* चोरी हुए हैं। इनकी कुल कीमत लगभग *7 लाख 65 हजार रुपये* बताई गई है। इस तरह सोने-चांदी के आभूषणों की कुल कीमत 9 लाख 99 हजार 848 रुपये बताई गई है। इसके अलावा दुकान में रखी नगदी भी चोरी होने की शिकायत की गई है।

*पुलिस ने दर्ज किया अपराध*

घटना की शिकायत पर जैजैपुर पुलिस ने 12 नवंबर को बीएनएस की धारा *331(4) एवं 305(क)* के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार यादव द्वारा की जा रही है।

इस संबंध में थाना प्रभारी जैजैपुर राकेश राठौर ने बताया कि ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की पतासाजी के साथ आभूषणों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

अब देखना होगा कि नगर के बीचों बीच ज्वेलर्स दुकान में हुई इस बड़ी चोरी के मामले में पुलिस कब तक आरोपियों तक पहुंच पाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!