Breaking News in Primes

बाल दिवस पर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, नियमित स्कूल भेजने वाली माताओं का हुआ सम्मान

0 2

बाल दिवस पर बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, नियमित स्कूल भेजने वाली माताओं का हुआ सम्मान

 

धौरटिकरा में अनूठी पहल, सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राओं की माताओं को उपहार देकर किया सम्मानित

 

दैनिक प्राईम संदेश कोरिया छत्तीसगढ़ अजीमुदिन अंसारी

 

बैकुंठपुर। बाल दिवस के अवसर पर ग्राम धौरटिकरा में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यालयों में छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल में सर्वाधिक दिनों तक उपस्थित रहने वाली छात्राओं की माताओं को सम्मानित कर उपहार भेंट किए गए।

कार्यक्रम के आयोजक हामिद ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अभिभावकों को अपनी बेटियों की पढ़ाई के प्रति जिम्मेदार एवं प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में माताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। मां का सहयोग और प्रोत्साहन ही बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने के लिए प्रेरित करता है

 

कार्यक्रम में उन माताओं का विशेष सम्मान किया गया, जिन्होंने तमाम परिस्थितियों के बावजूद अपनी बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता दी और उनकी नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित की। सम्मान और उपहार पाकर माताओं के चेहरों पर खुशी और गर्व दिखाई दिया। इस पहल से अन्य अभिभावकों और छात्राओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर प्राथमिक शाला धौरटिकरा के प्रधानाध्यापक अली अहमद, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए बालिकाओं की शिक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंत में गांव की प्रत्येक बालिका को शिक्षित बनाने और उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!