News By-नितिन केसरवानी
शंकर जी मंदिर परिसर में दिनभर चला पूजा-अर्चना का सिलसिला, महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
भरवारी/कौशांबी: नगर पालिका परिषद भरवारी के नया बाजार स्थित प्राचीन शंकर जी मंदिर परिसर में सोमवार को सोमवती अमावस्या के अवसर पर आस्था और भक्ति का विशेष नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर में स्थित बरम बाबा के स्थान पर सुबह से ही महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ बरम बाबा की पूजा-अर्चना की और परंपरानुसार फेरी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
सोमवती अमावस्या के धार्मिक महत्व को देखते हुए महिलाओं ने सुबह स्नान आदि के बाद पूजा की तैयारियां कीं। इसके बाद फूल-माला, धूप, दीप और पूजन सामग्री के साथ मंदिर पहुंचकर बरम बाबा के स्थान पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक फेरी लगाई और दीप प्रज्ज्वलित कर आराधना की। मंदिर परिसर में पूजा के दौरान भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की। मान्यता के अनुसार सोमवती अमावस्या पर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इसी आस्था के साथ महिलाओं ने बरम बाबा के दरबार में माथा टेककर अपने परिवार के कल्याण की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में महिलाओं की मौजूदगी और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालु महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर धार्मिक परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।