Breaking News in Primes

टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, सीतापुर के चार आरोपी गिरफ्तार

0 5

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

डेढ़ दर्जन राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क, करीब 12 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा; एसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

कौशाम्बी: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कौशाम्बी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर क्राइम थाना और सराय अकिल पुलिस की संयुक्त टीम ने टेलीग्राम एप के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी सीतापुर जनपद के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का नेटवर्क करीब डेढ़ दर्जन राज्यों तक फैला हुआ था और इसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं।

लोगों को लालच देकर खुलवाते थे बैंक खाते

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम मंगाने के लिए किया जाता था। खातों में रकम आने के बाद आरोपी एटीएम के माध्यम से नकदी निकाल लेते थे। इस तरह लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में कर गिरोह ठगी की रकम को इधर-उधर करता था।

चार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद

संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आदर्श मिश्रा, पुनीत शुक्ला, सत्यम और निखिल सिंह को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के जरिए करीब 12 लाख रुपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।

अन्य राज्यों में भी खंगाला जा रहा नेटवर्क

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के खिलाफ करीब डेढ़ दर्जन राज्यों में शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है, ताकि साइबर ठगी के इस पूरे खेल में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!