Breaking News in Primes

सर्राफा व्यापारी से लूट का पुलिस ने किया खुलासा, मुठभेड़ में एक लुटेरा घायल; दो साथी गिरफ्तार

0 101

News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी

कौशाम्बी: कोखराज थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शहजादपुर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को कोखराज टोल के पास सर्राफा व्यापारी सुरेश चंद्र सोनी को गन पॉइंट पर लेकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर जांच शुरू की थी।

इसी क्रम में पुलिस को बदमाशों के शहजादपुर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फतेहपुर निवासी रितेश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके दो साथी सुनील और सूरज को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, चोरी की बाइक तथा सर्राफा व्यापारी से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी बरामद की है। बरामदगी के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर लूट की घटना में शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण के संबंध में क्षेत्राधिकारी सिराथू द्वारा वीडियो बाइट जारी कर मुठभेड़ और लूट के खुलासे की जानकारी दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!