Breaking News in Primes

भरवारी में स्वच्छता अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान, नागरिकों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

0 5

News By-नितिन केसरवानी

‘एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत काशिया और मूरतगंज में चला सफाई अभियान, नगर अध्यक्ष कविता पासी ने नागरिकों से की सहभागिता की अपील

कौशाम्बी: नगर पालिका परिषद भरवारी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के दूसरे दिन काशिया और मूरतगंज में व्यापक स्तर पर सामूहिक श्रमदान किया गया। नगर अध्यक्ष कविता पासी और अधिशासी अधिकारी राम सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान ‘एक घंटा, एक साथ’ का संकल्प लेकर क्षेत्र में साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

श्रमदान कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष कविता पासी ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों और गलियों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर के प्रत्येक नागरिक में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर पहल नहीं करेगा, तब तक पूर्ण स्वच्छता का सपना साकार नहीं हो सकता। स्वच्छ नगर के निर्माण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

वहीं, अधिशासी अधिकारी राम सिंह ने लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर नगर का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर लेखा लिपिक बबलू गौतम, मूरतगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश पटेल, सभासद प्रतिनिधि तुषार केसरवानी, घनश्याम पासी, पंकज मौर्य सहित नगर पालिका के कई कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सामूहिक श्रमदान के जरिए लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!