Breaking News in Primes

“जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद” से जागरूक, जिम्मेदार एवं सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ते कदम

0 0

जिला खरगोन
“जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद” से जागरूक, जिम्मेदार एवं सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ते कदम

खरगोन जिले से प्राईम संदेश

मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “सृजन अभियान” का शुभारंभ

• 06 अगस्त से प्रारंभ हुआ अभियान प्रथम चरण में 15 सितंबर तक जिला मुख्यालय स्तर पर संचालित होगा।
• द्वितीय चरण 16 सितंबर से 30 अक्टूबर तक जिले के सभी अनुविभाग (सब-डिवीजन) स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
• विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, साइबर सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने की अभिनव पहल।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “सृजन अभियान” के अंतर्गत आज दिनांक 06 अगस्त 2026 को “जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय देवी अहिल्या शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, खरगोन में किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाते हुए उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील एवं सजग नागरिक के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा ने विद्यार्थियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों, भारतीय कानूनों की मूलभूत जानकारी, साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आपातकालीन पुलिस सेवाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने, डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारी पूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रूहल ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन्हें निडर होकर अपने प्रश्न रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया, पुलिस व्यवस्था एवं कानून से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल, व्यवहारिक एवं प्रेरक ढंग से समाधान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाया गया कि मध्यप्रदेश पुलिस सदैव नागरिकों की सहयोगी, संरक्षक एवं मार्गदर्शक के रूप में उनके साथ खड़ी है।

कार्यक्रम के उपरांत छात्र-छात्राओं को थाना कोतवाली खरगोन, पुलिस कंट्रोल रूम, महिला थाना एवं डायल-112 का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाना कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीयन प्रक्रिया, महिला सहायता डेस्क, अपराध विवेचना, आपातकालीन पुलिस सेवाओं तथा जनसामान्य को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई। इस अनुभवात्मक गतिविधि से विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था को निकट से समझने एवं पुलिस के प्रति विश्वास और सहभागिता की भावना विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रूहल, एसडीओपी खरगोन श्री सौरभ तोमर, प्रशिक्षु डीएसपी श्री अमित बरदिया, प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री चेतना राहंगडाले, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के मास्टर ट्रेनर्स तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र पाटीदार सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

“सृजन अभियान” के माध्यम से खरगोन पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान, साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है, जिससे सुरक्षित, जागरूक एवं उत्तरदायी समाज के निर्माण की दिशा में जनसहभागिता को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Don`t copy text!