लोकेशन धामनोद
संवाददाता मोनु पटेल
महेश्वर से निकली भव्य बाणेश्वरी कांवड़ यात्रा, ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा मार्ग
धामनोद। श्रावण मास के पावन अवसर पर महेश्वर स्थित मां नर्मदा के पवित्र तट से भव्य बाणेश्वरी कांवड़ यात्रा का विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। पिछले 24 वर्षों से भाजपा के वरिष्ठ नेता गोलू शुक्ला के सान्निध्य में निकाली जा रही इस धार्मिक यात्रा में इस वर्ष भी हजारों शिवभक्त उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
महेश्वर से प्रारंभ हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर उज्जैन की ओर रवाना हुई। यात्रा के दौरान “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष करीब 4 हजार शिवभक्त कांवड़ लेकर एक साथ यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के धामनोद पहुंचने पर नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। भारतीय जनता पार्टी के नगर कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के वरिष्ठ नेता गोलू शुक्ला का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।
श्रावण मास के प्रथम चरण में आयोजित इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति द्वारा यात्रा के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
यातायात व्यवस्था संभालने सड़क पर उतरा पुलिस प्रशासन
कांवड़ यात्रा के दौरान धामनोद में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीओपी मोनिका सिंह, थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई सहित समूचा पुलिस बल लगातार सड़क पर तैनात रहा। पुलिस की सक्रियता और बेहतर यातायात प्रबंधन के चलते यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिसकी नागरिकों ने भी सराहना की।