देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन
SDOP दीपा मांडवे, SDM संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा निलंबित
देवास पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में बड़ा एक्शन
SDOP दीपा मांडवे, SDM संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा निलंबित
निरीक्षण में लापरवाही पड़ी भारी
बिना सुरक्षा इंतजामों के चल रही फैक्ट्री, 5 मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन सख्त
देवास। देवास जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र स्थित ग्राम टॉककलां की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट मामले में मध्यप्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। हादसे में अब तक 5 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलसे हुए अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। मामले में प्रशासनिक लापरवाही सामने आने के बाद राज्य शासन और संभाग प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए एसडीओपी सोनकच्छ सुश्री दीपा मांडवे, एसडीएम संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार रवि शर्मा को निलंबित कर दिया है।
उज्जैन संभाग आयुक्त आशीष सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि नायब तहसीलदार रवि शर्मा ने विस्फोटक सामग्री से संबंधित निरीक्षण और प्रशासनिक निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती। फैक्ट्री में लाइसेंस से अधिक मात्रा में बारूद और विस्फोटक सामग्री रखे जाने के बावजूद समय-समय पर प्रभावी जांच नहीं की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी थी कि वे नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि फैक्ट्री निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित हो रही है, लेकिन इसमें गंभीर अनियमितता पाई गई।
जांच में यह भी सामने आया कि मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के काम कराया जा रहा था। हादसे के बाद यह सवाल लगातार उठ रहे थे कि संबंधित विभागों और निरीक्षण करने वाले अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की। राजस्व विभाग उन छह विभागों में शामिल है जिन्हें ऐसी फैक्ट्रियों के संचालन के लिए एनओसी और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
वहीं मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने एसडीओपी सोनकच्छ सुश्री दीपा मांडवे को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शासन स्तर से जारी निर्देशों के बावजूद फैक्ट्री संचालन संबंधी निरीक्षण नहीं किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता माना गया है।
निलंबन अवधि में सुश्री दीपा मांडवे का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय भोपाल तथा अन्य अधिकारियों का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय देवास निर्धारित किया गया है। सभी अधिकारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब शासन ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

