ऑनलाइन प्यार हुआ, शादी करने राजस्थान आई विदेशी महिलाः उम्र 61 साल होने पर मुकर गया टीचर, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार।
*ऑनलाइन प्यार हुआ, शादी करने राजस्थान आई विदेशी महिलाः उम्र 61 साल होने पर मुकर गया टीचर, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार।*
देश विदेश 14 नवंबर
(प्राइमस संदेश )डेटिंग एप पर दोस्ती के बाद कनाडा की महिला को नीमराना में रहने वाले युवक से प्यार हो गया। विदेशी महिला 11 नवंबर को नीमराना आई। आमने-सामने मिलने पर पता चला कि महिला की उम्र 61 साल है तो 31 साल के प्राइवेट टीचर नितिन ने शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद विदेशी महिला और युवक के बीच कहासुनी हो गई। महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। दूतावास के अधिकारियों की सूचना परनीमराना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।
पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। महिला को कोटपूतली के होम सेंटर में रखा गया है।

पुलिस ने बताया- विदेशी महिला ने छेड़छाड़ या अन्य कोई मामला दर्ज नहीं कराया है। युवक को शनिवार शाम करीब 5.30 बजे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत दे दी गई।
एक साल पहले डेटिंग एप पर हुई थी दोस्ती।
एसएचओ सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया- नितिन पुत्र सत्यनारायण हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है। वह एक निजी स्कूल में टीचर है। करीब 2 साल से अपने मौसा-मौसी के पास नीमराना में रहता है।
एक साल पहले डेटिंग एप के जरिए कनाडा की महिला से उसकी बातचीत शुरू हुई थी। दोनों ने शादी करने पर सहमति जताई थी।
महिला टूरिस्ट वीजा पर 11 नवंबर को दिल्ली पहुंची। नितिन उसे लेने दिल्ली एयरपोर्ट गया और वहां से अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर बीबी बिल्डर्स सोसायटी, नीमराना ले आया।
उम्र अधिक होने पर शादी से इनकार किया
महिला दो दिन तक सोसायटी में युवक के साथ रही। शादी की बात आगे बढ़ने पर महिला की उम्र 61 साल होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद युवक ने उम्र का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
13 नवंबर को महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। दूतावास के अधिकारियों ने कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। वहां से नीमराना थाने को जानकारी मिली। इसके बाद सुबह 4 बजे नीमराना थाना पुलिस बीबी बिल्डर्स सोसायटी पहुंची और युवक व महिला को थाने ले आई।
*प्राइमस संदेश से शेरिल रश्मि साल्वी की रिपोर्ट*