*सीधी -सिंगरौली सांसद ने बचाई मासूम की जान, पांच मिनट में निकाले गले में फंसा पांच का सिक्का*
*अरविंद सिंह परिहार सीधी*
जनसेवा के प्रति तत्पर और संवेदनशील रहने वाले सीधी -सिंगरौली सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा ने संवेदनशीलता व सक्रियता का परिचय देते हुए एक मासूम बच्चे की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीन वर्षीय प्रियांश साकेत के गले में फंसा पांच का सिक्का मात्र पांच मिनट में निकाल जान बचाई है। बच्चे के गले में सिक्का फंस जाने से उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद डॉ. राजेश मिश्रा तत्काल अस्प
ताल पहुंचे और बच्चे के उपचार के लिए आवश्यक पहल की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बघोर निवासी भाईलाल साकेत के तीन वर्षीय पुत्र प्रियांश साकेत के गले में अचानक सिक्का अटक गया था। परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से संपर्क किया और बच्चे को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के लिए सक्रियता दिखाई।चिकित्सकों की तत्परता से महज पांच मिनट के भीतर बच्चे के गले में फंसा सिक्का निकाल लिया गया। समय पर उपचार मिलने से मासूम की जान बच गई और परिजनों ने राहत की सांस ली।
इस कठिन समय में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की तत्काल उपस्थिति और संवेदनशील पहल ने एक बार फिर जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया। संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़े होकर उन्होंने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की भूमिका केवल विकास कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं, बल्कि आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है।

मासूम प्रियांश के सुरक्षित होने से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने इस मुश्किल घड़ी में तत्काल सहयोग और संवेदनशीलता दिखाने के लिए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।