News By-नितिन केसरवानी
भजन-कीर्तन के साथ पारंपरिक डांडिया-गरबा ने बांधा समां, मंदिर परिसर में दिखी भारतीय संस्कृति की मनमोहक झलक
कौशाम्बी: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर 15 रमाशंकर नगर स्थित शंकर जी के मंदिर में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा की आराधना के साथ मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन महिलाएं भजन-कीर्तन के माध्यम से मां की स्तुति करती हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहता है।
इसी क्रम में शनिवार को मंदिर परिसर में महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक डांडिया-गरबा प्रस्तुत कर नवरात्र उत्सव की रौनक बढ़ा दी। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने संगीत की मधुर धुनों पर डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ताल से ताल मिलाकर थिरकती महिलाओं और बच्चों के उत्साह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरे मंदिर परिसर में उमंग, उल्लास और भक्ति का माहौल नजर आया।
भक्ति के साथ संस्कृति और परंपरा का संगम
नवरात्र के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य की सुंदर झलक देखने को मिली। डांडिया-गरबा के जरिए महिलाओं और बच्चों ने न केवल उत्सव का आनंद लिया, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को संजोने का संदेश भी दिया। सामूहिक आयोजन ने आपसी मेलजोल, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता की भावना को भी मजबूत किया।
मंदिर में भजन-कीर्तन और डांडिया-गरबा के आयोजन से रमाशंकर नगर सहित आसपास के क्षेत्र में नवरात्र का उत्साह चरम पर है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं और सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में छाई भक्तिमय छटा और सांस्कृतिक उल्लास ने शारदीय नवरात्र के उत्सव को यादगार बना दिया।