News By- हिमांशु उपाध्याय / नितिन केसरवानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: ADG ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कौशाम्बी: शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने कौशाम्बी जनपद के प्रसिद्ध मां शीतला धाम मंदिर और कुबरी घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ADG ज्योति नारायण ने मां शीतला मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आवागमन, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
इसके बाद ADG कुबरी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने स्नान और मेले के दौरान उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भीड़ की स्थिति और पुलिस बल की तैनाती के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
ADG ज्योति नारायण ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि नवरात्रि और दशहरा पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
ADG के निरीक्षण से स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान मां शीतला धाम और कुबरी घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। प्रशासन का प्रयास है कि दूर-दराज से दर्शन-पूजन और स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी धार्मिक गतिविधियां संपन्न कर सकें।